
नरेश मीणा तो भाजपा का टूल है,सरकार ने विकास की बत्ती गुल कर दी;नामांकन रैली में गरजे प्रमोद जैन भाया
राजस्थान की राजनीति में अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव ने पारा चढ़ा दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने मंगलवार को अपने नामांकन के साथ ही सियासी रणभूमि में हुंकार भर दी।
राजस्थान की राजनीति में अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव ने पारा चढ़ा दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने मंगलवार को अपने नामांकन के साथ ही सियासी रणभूमि में हुंकार भर दी। पत्नी उर्मिला जैन और बेटे यश जैन के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे भाया ने मीडिया के सामने भाजपा सरकार और निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा पर जमकर वार किए। उन्होंने कहा— “भाजपा सरकार ने अंता का विकास ठप कर दिया है, किसान परेशान हैं, और नरेश मीणा भाजपा के इशारे पर मोहरा बनकर मैदान में उतरे हैं।”

नामांकन के बाद प्रमोद जैन भाया ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अंता में पिछले कुछ सालों से विकास की गाड़ी पूरी तरह रुक गई है। किसान बिजली और पानी के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “भाजपा सरकार ने कांग्रेस की योजनाओं को या तो बंद कर दिया या उनका दम निकाल दिया। किसान कर्ज में डूब रहे हैं, नौजवान बेरोजगारी से जूझ रहे हैं और सरकार जश्न में डूबी है।”
भाया यहीं नहीं रुके। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा की नीतियों ने गांवों की रौनक छीन ली है। “जनता के नाम पर केवल घोषणाएं हुईं, धरातल पर कुछ नहीं दिखा। भाजपा सरकार को जनता की नहीं, चुनावी फोटोशूट की चिंता है।”
भाया के निशाने पर इस बार केवल भाजपा नहीं, बल्कि निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा भी रहे। उन्होंने तीखे लहजे में कहा, “नरेश मीणा भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। वे भाजपा का टूल हैं, जो कांग्रेस के वोट काटने के लिए मैदान में उतरे हैं।”
उन्होंने भाजपा के निलंबित विधायक कंवरलाल मीणा पर भी कटाक्ष करते हुए कहा, “भाजपा ऐसे नेताओं को मंच देती है जिनका अतीत दागदार रहा है। जनता सब जानती है और इस बार सबक सिखाएगी।”
कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि वे राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हैं, सत्ता का नहीं। “अंता मेरा परिवार है। जनता ने जब भी मुझे मौका दिया, मैंने गांव-गांव जाकर काम किया। सड़कें बनीं, अस्पतालों में सुधार हुआ, स्कूलों को संसाधन मिले। भाजपा सरकार ने आते ही उन योजनाओं को ठंडे बस्ते में डाल दिया।”
भाया ने कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा, “अंता में कांग्रेस की लहर है। जनता भाजपा के छल और झूठे वादों से ऊब चुकी है। इस बार जनता विकास के नाम पर वोट देगी, और कांग्रेस को भारी बहुमत से जिताएगी।”
अंता उपचुनाव अब पूरी तरह से सियासी चर्चा का केंद्र बन गया है। एक ओर भाया का जोशीला प्रचार और तीखे बयानबाज़ी है, तो दूसरी ओर भाजपा अपने प्रत्याशी को लेकर रणनीति साध रही है। निर्दलीय उम्मीदवारों की एंट्री ने मुकाबले को और रोचक बना दिया है।

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


