राजस्थान के बालोतरा में पचपदरा रिफाइनरी में आग, उद्घाटन से पहले मचा हड़कंप
उद्घाटन से एक दिन पहले सोमवार दोपहर करीब 2 बजे पचपदरा रिफाइनरी के एक हिस्से में अचानक आग लग गई। आग किस वजह से लगी और रिफाइनरी के किस सेक्शन में घटना हुई

राजस्थान के बाड़मेर जिले के बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी में उद्घाटन से एक दिन पहले सोमवार दोपहर करीब 2 बजे CDU (क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट) में अचानक आग लग गई। आग लगने के साथ ही रिफाइनरी परिसर से घना धुआं उठता दिखाई दिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
धुएं का गुबार उठते ही एक्टिव हुआ फायर सेफ्टी सिस्टम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, CDU यूनिट से अचानक धुआं उठने लगा, जिसके बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए फायर सेफ्टी सिस्टम चालू कर दिया। शुरुआती स्तर पर सिस्टम के जरिए आग को नियंत्रित करने की कोशिश की गई, ताकि वह अन्य हिस्सों में न फैल सके।
दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री की प्रस्तावित सभा के लिए तैनात दमकल वाहन भी तुरंत रिफाइनरी परिसर की ओर रवाना कर दिए गए। मौके पर मौजूद दमकल कर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए स्थिति को काबू में लेने की कोशिश की।
एहतियात के तौर पर पूरे रिफाइनरी क्षेत्र को तुरंत खाली करा लिया गया। वहां मौजूद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात मानी जा रही है।
आसमान में धुआं
CDU यूनिट में लगी आग के कारण आसमान में काले धुएं का गुबार साफ देखा गया। घटना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त संसाधन भी तैनात किए गए हैं।
आग पर काबू के बाद होगा कारणों और नुकसान का आकलन
अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद ही इसके कारणों और हुए नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल प्राथमिकता आग को बुझाने और स्थिति को सामान्य करने पर है।
कल होना है पीएम मोदी का दौरा और उद्घाटन
गौरतलब है कि मंगलवार को Narendra Modi पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करने के लिए बालोतरा आने वाले हैं। इसके मद्देनजर क्षेत्र में पहले से ही व्यापक तैयारियां और सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। आग की इस घटना के बाद सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर प्रशासन की सतर्कता और बढ़ गई है।
सभा स्थल से पहुंचीं दमकल
प्रधानमंत्री की सभा की तैयारियों के तहत पहले से तैनात दमकल वाहन भी रिफाइनरी के भीतर भेजे गए। ऐसे में यह घटना उद्घाटन से ठीक पहले हुई बड़ी सुरक्षा चुनौती के रूप में देखी जा रही है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही पूरी तरह नियंत्रण पा लिया जाएगा।
पचपदरा रिफाइनरी में आग लगने की घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री Ashok Gehlot ने चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि बालोतरा के पचपदरा में रिफाइनरी में आग लगने की खबर सुनकर उन्हें चिंता हुई है। उन्होंने इसे राजस्थानियों के लिए गर्व की परियोजना बताते हुए कहा कि उद्घाटन से ठीक पहले ऐसी घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही उन्होंने इस घटना में सभी लोगों की सलामती की प्रार्थना की है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


