हत्यारों ने आखिरी वक्त पर बदली शादी की जगह, पहले अलवर में तय थी शादी, कार्ड छप चुके थे; जयपुर पहुंचे दूल्हा-दुल्हन

Jan 23, 2026 06:55 pm ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

राजस्थान के दो सबसे चर्चित और सनसनीखेज हत्याकांडों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे दो दोषी प्रिया सेठ और हनुमान प्रसाद उर्फ जैक आज शादी करने जा रहे हैं। शादी को लेकर आखिरी वक्त पर बड़ा बदलाव सामने आया है। 

हत्यारों ने आखिरी वक्त पर बदली शादी की जगह, पहले अलवर में तय थी शादी, कार्ड छप चुके थे; जयपुर पहुंचे दूल्हा-दुल्हन

राजस्थान के दो सबसे चर्चित और सनसनीखेज हत्याकांडों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे दो दोषी प्रिया सेठ और हनुमान प्रसाद उर्फ जैक आज शादी करने जा रहे हैं। शादी को लेकर आखिरी वक्त पर बड़ा बदलाव सामने आया है। पहले यह विवाह अलवर जिले के बड़ौदामेव में होना था, जिसके कार्ड भी सामने आ चुके थे, लेकिन अब दोनों ने शादी की जगह बदलकर जयपुर के सांगानेर इलाके को चुना है। दोनों फिलहाल जयपुर की ओपन जेल में सजा काट रहे हैं और पैरोल पर बाहर आए हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हनुमान प्रसाद पैरोल पर शादी के लिए बाहर आया है। बड़ौदामेव थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि हनुमान प्रसाद को केवल शादी के उद्देश्य से पैरोल मिली है, इसके अलावा कोई विशेष निर्देश नहीं हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हनुमान का परिवार फिलहाल गांव में मौजूद नहीं है।

घर सजा, लेकिन परिवार नदारद

हनुमान प्रसाद अलवर के बड़ौदामेव का रहने वाला है। उसके घर पर लाइटिंग और सजावट की गई थी, जिससे साफ था कि यहीं शादी की तैयारियां चल रही थीं। हालांकि शुक्रवार को घर पूरी तरह सूना नजर आया। घर में केवल दो-तीन महिलाएं मौजूद थीं, जिन्होंने मीडिया से बातचीत से इनकार कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह ही पूरा परिवार गांव छोड़कर कहीं चला गया। पड़ोसियों को भी यह जानकारी नहीं है कि परिवार कहां गया है और शादी की जगह अचानक क्यों बदली गई।

जेल में हुआ प्यार, पैरोल पर शादी

प्रिया सेठ और हनुमान प्रसाद दोनों जयपुर की ओपन जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। यहीं दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और धीरे-धीरे यह रिश्ता शादी के फैसले तक पहुंच गया। दोनों को कानून के तहत निर्धारित शर्तों पर पैरोल दी गई है, जिसके दौरान वे विवाह कर रहे हैं। यह मामला सामने आने के बाद समाज में तीखी बहस भी शुरू हो गई है कि इतने जघन्य अपराधों में दोषी लोगों को शादी जैसी छूट मिलनी चाहिए या नहीं।

प्रिया सेठ: हनी ट्रैप से मर्डर तक

पाली जिले के फालना की रहने वाली प्रिया सेठ पढ़ाई में तेज थी। उसके पिता अशोक सेठ सरकारी कॉलेज में लेक्चरर और मां टीचर थीं। साल 2011 में उसे आगे की पढ़ाई के लिए जयपुर भेजा गया। जयपुर आने के बाद उसकी दोस्ती मुंबई में मॉडलिंग करने वाले दीक्षांत कामरा से हुई और दोनों लिव-इन में रहने लगे।

पुलिस जांच में सामने आया कि दीक्षांत पर भारी कर्ज था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए प्रिया ने हनी ट्रैप का सहारा लिया। उसने डेटिंग ऐप के जरिए झोटवाड़ा निवासी दुष्यंत शर्मा को प्रेम जाल में फंसाया। 2 मई 2018 को प्रिया ने दुष्यंत को मिलने बुलाया और बजाज नगर स्थित फ्लैट पर ले गई, जहां पहले से दीक्षांत कामरा और उसका दोस्त लक्ष्य वालिया मौजूद थे।

तीनों ने दुष्यंत को बंधक बनाकर उसके पिता से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। डर के चलते पिता ने 3 लाख रुपये जमा भी कराए, लेकिन पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने दुष्यंत की गला घोंटकर हत्या कर दी। पहचान छुपाने के लिए उसके चेहरे पर चाकू से कई वार किए गए और शव को सूटकेस में भरकर आमेर की पहाड़ियों में फेंक दिया गया। मामले में 24 नवंबर 2023 को जयपुर की अदालत ने प्रिया सेठ, दीक्षांत कामरा और लक्ष्य वालिया को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

हनुमान प्रसाद: एक रात में पांच हत्याएं

हनुमान प्रसाद का मामला अलवर जिले के सबसे वीभत्स हत्याकांडों में शामिल है। 2 अक्टूबर 2017 की रात ताइक्वांडो खिलाड़ी संतोष शर्मा और उसके प्रेमी हनुमान प्रसाद ने मिलकर संतोष के पति बनवारी लाल और चार बच्चों की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि पहले नशीली गोलियां देकर परिवार को बेहोश किया गया, फिर जानवर काटने वाले छुरे से गला काटकर हत्या की गई।

अदालत ने इस मामले में संतोष शर्मा और हनुमान प्रसाद को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। आज उसी हनुमान प्रसाद की शादी को लेकर फिर से यह मामला चर्चा में है।

इस शादी को लेकर पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों में गुस्सा है। संतोष शर्मा की बहन ने कहा कि ऐसे अपराधियों को शादी जैसी छूट देना गलत है। उनका कहना है कि जिन्होंने पूरे परिवार को खत्म कर दिया, उन्हें फांसी की सजा मिलनी चाहिए थी।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;