मेरी हत्या की मंशा थी...RLP समर्थकों पर भड़के राजस्थान BJP प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ लगा रहा हूं

Sachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

राजस्थान की राजनीति में भाजपा और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के बीच टकराव एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने रविवार को जयपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए RLP समर्थकों और पार्टी संयोजक हनुमान बेनीवाल पर तीखा हमला बोला। 

मेरी हत्या की मंशा थी...RLP समर्थकों पर भड़के राजस्थान BJP प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ लगा रहा हूं

राजस्थान की राजनीति में भाजपा और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के बीच टकराव एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने रविवार को जयपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए RLP समर्थकों और पार्टी संयोजक हनुमान बेनीवाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान RLP कार्यकर्ताओं की मंशा केवल विरोध दर्ज कराने की नहीं, बल्कि उनकी जान को नुकसान पहुंचाने की थी।

मदन राठौड़ ने कहा कि वह अपनी पार्टी के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और डंडों से हमला करने लगे। उन्होंने कहा कि अगर विरोध करने वालों की मंशा केवल ज्ञापन सौंपने की होती तो वे खुद वाहन से उतरकर ज्ञापन लेने को तैयार थे, लेकिन जिस तरह से उनकी कार पर डंडे बरसाए गए, उससे साफ हो गया कि मामला सिर्फ विरोध तक सीमित नहीं था।

“कार पर डंडे बरसे तो समझ गया, मंशा ठीक नहीं”

राठौड़ ने कहा कि पूरे राजस्थान में उनकी छवि एक सरल और सहज नेता की रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन विरोध की भी एक मर्यादा होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने संवाद का रास्ता अपनाने के बजाय आक्रामक रवैया दिखाया, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ।

उन्होंने कहा, “अगर वे मुझे ज्ञापन देना चाहते तो मैं खुद बाहर आ जाता, लेकिन जब गाड़ी पर डंडे बरसने लगे तो मुझे समझ आ गया कि उनकी मंशा मेरी हत्या करने की थी। ऐसे हालात में बाहर निकलना उचित नहीं था।”

बेनीवाल पर व्यक्तिगत हमला, कहा- मैं अकेला ही काफी हूं

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने इस दौरान RLP प्रमुख हनुमान बेनीवाल का नाम लिए बिना भी उन पर निशाना साधा और बाद में सीधे हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने राजनीति में ऐसे कई नेताओं को देखा है। राठौड़ ने कहा, “बेनीवाल जैसे बहुत देखे हैं। उनके लिए मैं अकेला ही काफी हूं। यह बाजू आजमाए हुए हैं, कोई चिंता की बात नहीं है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता युवाओं और बच्चों को भड़काने का काम करते हैं और राजनीतिक लाभ के लिए समाज में तनाव पैदा करते हैं। राठौड़ ने कहा कि कई ऐसी बातें हैं जिन्हें वह जानते हैं, लेकिन सार्वजनिक मंच पर कहना उचित नहीं समझते।

“ऐसे लोग राजनीति के लिए कलंक”

मदन राठौड़ ने कहा कि राजनीति में विचारों का संघर्ष होना चाहिए, लेकिन भाषा और व्यवहार की मर्यादा भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए ऐसी शब्दावली और आचरण अपना रहे हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

उन्होंने कहा, “मैं पहले भी कह चुका हूं कि राजनीति के शुद्धिकरण की जरूरत है। विपक्ष को विरोध जरूर करना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए कि सामने मिलने पर नजरें झुकानी पड़ें। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर गरिमा और सम्मान बना रहना चाहिए।”

विपक्ष को बताया लोकतंत्र की जरूरत, लेकिन मर्यादा जरूरी

राठौड़ ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष की भूमिका को स्वीकार करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सफलता के लिए विपक्ष का होना आवश्यक है, लेकिन विपक्ष का आचरण मर्यादित और जिम्मेदार होना चाहिए।

उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जो नेता लोगों को बिजली बिल नहीं भरने या सरकारी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने जैसी बातें कहते हैं, वे समाज को गलत दिशा में ले जाने का काम कर रहे हैं। ऐसे नेताओं से सकारात्मक राजनीति की उम्मीद नहीं की जा सकती।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

मीडिया से बातचीत के दौरान मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित पुष्कर दौरे पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कांग्रेस नेताओं को प्रेरणा मिलती है तो यह अच्छी बात है। हालांकि उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रशिक्षण देने वाले व्यक्ति की विश्वसनीयता भी महत्वपूर्ण होती है और राहुल गांधी किस प्रकार के "ट्रेनर" हैं, यह पूरी दुनिया जानती है।

इससे पहले राठौड़ ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को भी सुना और इसे समाज में जागरूकता, सकारात्मकता तथा जनभागीदारी बढ़ाने वाला अभियान बताया। उनके इस बयान के बाद राजस्थान की राजनीति में भाजपा और RLP के बीच सियासी बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।