कोटा में अंडरपास निर्माण के दौरान मिट्टी ढही, दो रेलवे इंजीनियरों की मौत

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर बन रहे अंडरपास निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। दरा की नाल क्षेत्र में नेशनल हाईवे-52 के पास निर्माण स्थल पर अचानक मिट्टी ढहने से रेलवे के दो अधिकारियों की दर्दनाक मौत हो गई।

कोटा में अंडरपास निर्माण के दौरान मिट्टी ढही, दो रेलवे इंजीनियरों की मौत

राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर बन रहे अंडरपास निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। दरा की नाल क्षेत्र में नेशनल हाईवे-52 के पास निर्माण स्थल पर अचानक मिट्टी ढहने से रेलवे के दो अधिकारियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और रेलवे विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई।

निरीक्षण के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब रेलवे ट्रैक के नीचे बनाए जा रहे अंडरपास निर्माण कार्य का निरीक्षण किया जा रहा था। निर्माण स्थल पर मौजूद रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर पंकज कुमार झा और जूनियर इंजीनियर प्रभात सिंह अचानक मिट्टी धंसने से उसके नीचे दब गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस और प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू

रामगंजमंडी पुलिस उपाधीक्षक घनश्याम मीणा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से दोनों अधिकारियों को मिट्टी से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर काम रोक दिया गया है।

दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर चल रहा निर्माण

बताया जा रहा है कि यह हादसा दरा की नाल में बनाए जा रहे रेलवे अंडरपास परियोजना के दौरान हुआ। यहां दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक के नीचे अंडरपास तैयार किया जा रहा है, ताकि सड़क यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस परियोजना में “पुश ब्लॉक तकनीक” का उपयोग किया जा रहा है। इस तकनीक में बड़े कंक्रीट ब्लॉकों को रेलवे पटरी के नीचे धकेलकर अंडरपास तैयार किया जाता है।

तीन ब्लॉकों से बन रहा था अंडरपास

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना में तीन ब्लॉकों के माध्यम से अंडरपास निर्माण किया जा रहा था। इन्हीं ब्लॉकों की स्थिति और तकनीकी कार्य की निगरानी करने के लिए दोनों इंजीनियर मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा ढह गया और दोनों अधिकारी उसकी चपेट में आ गए।

रेलवे ने दिए जांच के आदेश

हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल जांच के आदेश दे दिए हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) सौरभ जैन ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच करवाई जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि मिट्टी धंसने की वजह क्या रही। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों और निर्माण प्रक्रिया की भी समीक्षा की जाएगी।

ट्रेनों की रफ्तार पर लगाया प्रतिबंध

रेलवे प्रशासन ने एहतियात के तौर पर उस ट्रैक से गुजरने वाली ट्रेनों पर गति प्रतिबंध भी लागू कर दिया है। फिलहाल ट्रेनों को 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से निकाला जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ट्रेन संचालन के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। जरूरत पड़ने पर ट्रेनों को रोककर भी धीरे-धीरे निकाला जाएगा।

मौके पर पहुंचे रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम भी मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों से पूछताछ कर हादसे की जानकारी जुटाई। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे के बाद रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अब सभी की नजर रेलवे की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे हादसे के वास्तविक कारण सामने आ सकेंगे।

इनपुट - योगेंद्र महावर,कोटा

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।