Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरkarauli school bus accident rajasthan children injured
करौली में बड़ा हादसा,बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी; एक दर्जन घायल

करौली में बड़ा हादसा,बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी; एक दर्जन घायल

संक्षेप:

राजस्थान के करौली जिले से शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया है। महुआ-हिंडौन मार्ग पर बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस पलट गई। बस सर्वोदय स्कूल की बताई जा रही है, जिसमें सवार करीब 30 से 40 छात्र-छात्राएं स्कूल जा रहे थे।

Fri, 31 Oct 2025 04:46 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, करौली
share Share
Follow Us on

राजस्थान के करौली जिले से शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया है। महुआ-हिंडौन मार्ग पर बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस पलट गई। बस सर्वोदय स्कूल की बताई जा रही है, जिसमें सवार करीब 30 से 40 छात्र-छात्राएं स्कूल जा रहे थे। घटना सुबह करीब 7:15 बजे क्यारदा गांव के पास वृंदावन रिसॉर्ट के नजदीक हुई, जब बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और एक पेड़ से टकराकर पलट गई। इस हादसे में लगभग एक दर्जन बच्चे घायल हो गए।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के पलटते ही बच्चों की चीखें गूंज उठीं। आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और तुरंत रेस्क्यू में जुट गए। लोगों ने बस के इमरजेंसी गेट से बच्चों को निकालना शुरू किया। कुछ ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और अन्य वाहनों की मदद से बस को सीधा करने की कोशिश की।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायल बच्चों को तुरंत हिंडौन के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी घायल बच्चों को फर्स्ट ऐड के बाद छुट्टी दे दी गई है, किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही।

हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। घायल बच्चों के परिजनों ने बताया कि दुर्घटना के बाद कुछ बच्चे अधिक घायल थे, लेकिन स्कूल संचालक उन्हें अस्पताल की बजाय सीधे स्कूल ले गया। इस बात की जानकारी मिलते ही नई मंडी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्कूल जाकर संचालक को फटकार लगाई।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्कूल से घायल बच्चों को निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया। SHO ने चेतावनी दी कि घायल बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित हो गया। साथ ही, बस में निर्धारित क्षमता से अधिक छात्र सवार थे।

प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। साथ ही, जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी निजी स्कूलों की बसों की फिटनेस और ड्राइवर की योग्यता की जांच कराई जाए।

हादसे के बाद मौके से कुछ वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। इनमें घायल बच्चे दिखाई दे रहे हैं, जिनके सिर और नाक से खून बह रहा है। स्थानीय लोग उन्हें संभालते और एंबुलेंस को फोन करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घायलों की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा न करें।

SHO का कहना है कि बस की तकनीकी जांच कराई जा रही है और ड्राइवर से पूछताछ चल रही है। हादसे के पीछे की सटीक वजह का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। प्रारंभिक रूप से माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग ही मुख्य कारण हैं।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma
इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में पिछले 5 साल का अनुभव है। लाइव हिंदुस्तान से पहले, जी राजस्थान, महानगर टाइम्समें सेवा दे चुके हैं। राजस्थान विश्विद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। गुलाबी नगरी जयपुर में ही जन्म हुआ। राजस्थान की राजनीति और समृद्ध कला, संस्कृति पर लिखना पसंद है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।