कभी बसपा, कभी कांग्रेस, अब BJP…शिक्षा मंत्री दिलावर के तंज पर भड़के प्रहलाद गुंजल
एक रात्रिसभा में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने प्रहलाद गुंजल को निशाने पर लेते हुए कहा कि गुंजल कभी बसपा में बिक जाते हैं तो कभी कांग्रेस में बिक जाते हैं। दिलावर ने दावा किया कि अब वे भाजपा में आने की कोशिश कर रहे हैं।

राजस्थान की सियासत में कई दुश्मनियां ऐसी हैं, जिनके लिए किसी चुनाव का इंतजार नहीं करना पड़ता। मौका मिलते ही पुरानी तल्खियां फिर बाहर आ जाती हैं। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल की अदावत भी कुछ ऐसी ही है। इस बार मंच मिला तो दिलावर ने गुंजल पर ऐसा हमला बोला कि कुछ ही घंटे बाद गुंजल ने भी पलटवार कर दिया। मामला सिर्फ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक नहीं रुका, बात ‘बिकाऊ’, ‘चोर’ और ‘7 जन्म’ तक पहुंच गई।
दिलावर ने छेड़ा पुराना किस्सा, गुंजल पर लगाए ‘बिकने’ के आरोप
एक रात्रिसभा में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने प्रहलाद गुंजल को निशाने पर लेते हुए कहा कि गुंजल कभी बसपा में बिक जाते हैं तो कभी कांग्रेस में बिक जाते हैं। दिलावर ने दावा किया कि अब वे भाजपा में आने की कोशिश कर रहे हैं।
दिलावर यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि भाजपा बिकाऊ लोगों को वापस नहीं लेगी। उनके शब्दों में, “जो बिक गए, वहीं रहो भैया। चोरों के लिए जगह नहीं है हमारे पास।”
यानी निशाना सिर्फ गुंजल के दल बदलने पर नहीं था, बल्कि उनकी राजनीतिक विश्वसनीयता पर भी सीधा सवाल खड़ा किया गया।
‘रामगंजमंडी की जनता ने 27 हजार से ठोका’… दिलावर का दावा
दिलावर ने लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए भी गुंजल पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रहलाद गुंजल को लोकसभा में रामगंजमंडी की जनता ने 27 हजार वोटों से ठोका। दिलावर ने कहा कि यहां की जनता ईमानदार लोगों को चुनती है और लुटेरों, चोरों और बिकाऊ लोगों के लिए कोई जगह नहीं है।
उन्होंने भाजपा को ‘श्रेष्ठ लोगों की पार्टी’ बताते हुए कहा कि चोर, बेईमान और लुटेरों को जनता वोटों से हराती है। साथ ही गुंजल को चुनौती देते हुए कहा कि अगली बार लोकसभा में आने की हिम्मत नहीं करना, वरना जनता 50 हजार वोटों से ठोकेगी।
दिलावर का यह बयान सामने आते ही राजस्थान की राजनीति में चर्चा शुरू हो गई कि आखिर दोनों नेताओं के बीच पुरानी खींचतान फिर किस मोड़ पर पहुंच गई है।
कुछ घंटे बाद गुंजल का पलटवार, बोले- ‘बकवास मत करो’
दिलावर के बयान का जवाब देने में प्रहलाद गुंजल ने ज्यादा वक्त नहीं लगाया। कुछ घंटे बाद ही उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि दिलावर को मुद्दों के आधार पर बात करनी चाहिए, बकवास नहीं करनी चाहिए।
गुंजल ने व्यक्तिगत हमला करते हुए कहा, “आपको गुंजल जैसा कैरेक्टर जीने के लिए सात जन्म लेने पड़ेंगे।”
इसके बाद उन्होंने भाजपा और दिलावर की राजनीति पर भी सवाल खड़े किए। गुंजल ने आरोप लगाया कि ये लोग दिनभर झूठ बोलते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “खाली जयश्री राम और हो गया काम।”
गुंजल ने यह भी आरोप लगाया कि लोगों को बेवकूफ बनाकर और बालू-रेत फेंककर अपनी रोजी-रोटी चलाने की कोशिश की जा रही है।
असली सवाल- आखिर इतनी पुरानी खुन्नस क्यों?
दिलावर और गुंजल की यह ताजा जुबानी जंग महज एक भाषण का विवाद नहीं लगती। दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से राजनीतिक टकराव देखने को मिलता रहा है। कभी चुनावी मैदान, कभी पार्टी की राजनीति और कभी सार्वजनिक मंच दोनों तरफ से एक-दूसरे पर हमले होते रहे हैं।

