Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरjodhpur cylinder blast wedding house accident rajasthan news
मंगलगान की जगह मची चीख-पुकार ! जोधपुर में शादी वाले घर में सिलेंडर फटा; 13 घायल 2 की हालत नाजुक

मंगलगान की जगह मची चीख-पुकार ! जोधपुर में शादी वाले घर में सिलेंडर फटा; 13 घायल 2 की हालत नाजुक

संक्षेप:

जोधपुर जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। हरढाणी गांव में शादी की तैयारियों के बीच गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। हादसे में कुल 13 लोग झुलस गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Tue, 4 Nov 2025 08:58 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, जोधपुर
share Share
Follow Us on

जोधपुर जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। हरढाणी गांव में शादी की तैयारियों के बीच गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। हादसे में कुल 13 लोग झुलस गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। यह राजस्थान में पिछले तीन दिनों में तीसरा बड़ा हादसा है, जिसने लोगों को दहला दिया है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

जानकारी के मुताबिक, हरढाणी गांव के एक घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार के लोग खाना बनाने की व्यवस्था कर रहे थे, तभी अचानक तेज धमाके के साथ सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के घरों की खिड़कियां हिल गईं और दीवारों पर दरारें आ गईं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग भागते हुए घर के अंदर पहुंचे और झुलसे हुए लोगों को बाहर निकाला।

हादसे की सूचना मिलते ही बावड़ी चौकी प्रभारी एएसआई धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे में झुलसे लोगों को पहले बावड़ी के सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया। बाद में गंभीर रूप से घायल 12 लोगों को जोधपुर रेफर किया गया। तीन घायलों को मामूली चोट आने पर प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया।

घायलों में से एक अजमाल सिंह ने बताया कि हादसा इतनी तेजी से हुआ कि किसी को समझ ही नहीं आया कि हुआ क्या है। उन्होंने कहा, “तेज धमाका हुआ और अचानक धुआं भर गया। कुछ पत्थर जैसे आकर गिरे। मेरे नाक और मुंह पर चोट लगी। पता ही नहीं चला कि सीएनजी टंकी फटी या गैस सिलेंडर ब्लास्ट हुआ।”

हादसे में झुलसे लोगों में छोटू सिंह, अजमाल सिंह, दिनेश, राकेश (सेवकी कल्ला निवासी), बुधाराम, गणपत राम, ओमाराम, रामदास, सुनील (पूसाराम हरढाणी निवासी) और महिपाल (हरढाणी निवासी) शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों तक सुनाई दी।

राजस्थान में तीन दिनों के भीतर यह तीसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले जयपुर और सीकर में भी दर्दनाक हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान गई। लगातार हो रहे हादसों ने राज्य में सुरक्षा व्यवस्था और गैस सिलेंडर की क्वालिटी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सिलेंडर लीक की संभावना लग रही है, लेकिन यह भी जांची जा रही है कि कहीं सीएनजी टंकी से तो धमाका नहीं हुआ। फिलहाल एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है, जो विस्फोट के कारणों की पुष्टि करेगी।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma
इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में पिछले 5 साल का अनुभव है। लाइव हिंदुस्तान से पहले, जी राजस्थान, महानगर टाइम्समें सेवा दे चुके हैं। राजस्थान विश्विद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। गुलाबी नगरी जयपुर में ही जन्म हुआ। राजस्थान की राजनीति और समृद्ध कला, संस्कृति पर लिखना पसंद है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।