जयपुर से दुबई-अबू धाबी समेत 5 फ्लाइट कैंसिल, 7 दिन से यात्री परेशान

Sachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए उड़ान भरने वाले यात्रियों को पिछले एक सप्ताह से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को भी मस्कट, अबू धाबी, शारजाह और दुबई जाने वाली करीब पांच अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। 

जयपुर से दुबई-अबू धाबी समेत 5 फ्लाइट कैंसिल, 7 दिन से यात्री परेशान

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए उड़ान भरने वाले यात्रियों को पिछले एक सप्ताह से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को भी मस्कट, अबू धाबी, शारजाह और दुबई जाने वाली करीब पांच अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। लगातार फ्लाइट कैंसिल होने से सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर भटकते नजर आए और कई यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाएं बदलने पर मजबूर होना पड़ा।

दरअसल, मध्य-पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर अब अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात पर भी साफ दिखाई देने लगा है। ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते कई देशों के एयरस्पेस और उड़ान मार्गों पर प्रभाव पड़ा है। सुरक्षा कारणों और संभावित खतरे को देखते हुए कई एयरलाइंस कंपनियों ने कुछ रूट्स पर एहतियातन उड़ानें रद्द या रीशेड्यूल कर दी हैं। इसका सीधा असर जयपुर से संचालित होने वाली खाड़ी देशों की फ्लाइट्स पर भी पड़ा है।

पांच प्रमुख फ्लाइट्स रद्द

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुक्रवार को खाड़ी देशों के लिए संचालित होने वाली पांच प्रमुख फ्लाइट्स रद्द रहीं। एतिहाद एयरवेज की अबू धाबी जाने वाली फ्लाइट EY-329 को कैंसिल कर दिया गया। यह फ्लाइट रोजाना जयपुर से रात 3 बजकर 15 मिनट पर अबू धाबी के लिए उड़ान भरती है।

इसी तरह एयर अरबिया की शारजाह जाने वाली फ्लाइट G9-436 भी शुक्रवार को संचालित नहीं हो सकी। यह फ्लाइट अल सुबह 4 बजकर 10 मिनट पर जयपुर से शारजाह के लिए रवाना होती है।

सलाम एयर की मस्कट जाने वाली फ्लाइट OV-796 भी शुक्रवार को रद्द रही। यह फ्लाइट सुबह 5 बजकर 55 मिनट पर जयपुर से मस्कट के लिए उड़ान भरती है।

इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई जाने वाली फ्लाइट IX-195, जो सुबह 8 बजकर 20 मिनट पर रवाना होती है, उसे भी कैंसिल कर दिया गया।

स्पाइसजेट की दुबई जाने वाली फ्लाइट SG-57, जो सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर जयपुर से उड़ान भरती है, वह भी शुक्रवार को संचालित नहीं हो सकी।

यात्रियों को हो रही भारी परेशानी

फ्लाइट्स रद्द होने से सबसे ज्यादा परेशानी खाड़ी देशों में काम करने वाले प्रवासी भारतीयों को हो रही है। बड़ी संख्या में राजस्थान से लोग रोजगार के लिए दुबई, अबू धाबी, शारजाह और मस्कट जाते हैं। कई यात्री पहले से टिकट बुक कराकर तय समय पर एयरपोर्ट पहुंचे, लेकिन फ्लाइट कैंसिल होने की सूचना मिलने के बाद उन्हें निराशा के साथ वापस लौटना पड़ा।

कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट्स भी प्रभावित हुई हैं। कुछ यात्रियों को अपनी अगली फ्लाइट मिस होने के कारण अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है, जबकि कई लोग एयरलाइंस कंपनियों और ट्रैवल एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। कुछ यात्रियों ने भविष्य की टिकट भी कैंसिल करानी शुरू कर दी है, जबकि कई लोग नई फ्लाइट्स की उपलब्धता का इंतजार कर रहे हैं।

एयरस्पेस और सुरक्षा कारणों से असर

एयरलाइंस कंपनियों के अनुसार, मध्य-पूर्व के मौजूदा हालात के कारण कई अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ रहा है। कुछ एयरस्पेस को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है। ऐसे में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई उड़ानों को अस्थायी रूप से रद्द या पुनर्निर्धारित किया जा रहा है।

एविएशन एक्सपर्ट्स का कहना है कि जब भी किसी क्षेत्र में सैन्य या राजनीतिक तनाव बढ़ता है तो एयरलाइंस कंपनियां जोखिम वाले एयरस्पेस से बचने के लिए वैकल्पिक रूट अपनाती हैं। इससे उड़ानों की दूरी और समय दोनों बढ़ जाते हैं, जिसके चलते कई बार फ्लाइट्स को अस्थायी रूप से रद्द करना पड़ता है।

आगे भी शेड्यूल प्रभावित रहने की आशंका

एयरलाइन कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात सामान्य होने तक उड़ान संचालन प्रभावित रह सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव की संभावना बनी हुई है।

एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर जांच लें। इसके लिए एयरलाइंस की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या ट्रैवल एजेंट से संपर्क किया जा सकता है।

मौजूदा स्थिति को देखते हुए जयपुर से खाड़ी देशों की यात्रा करने वाले यात्रियों को फिलहाल धैर्य रखना पड़ सकता है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय हालात में सुधार होने के बाद ही उड़ानों का संचालन सामान्य होने की उम्मीद है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।