जयपुर में रातभर बरसे बादल, एकनाथ शिंदे की फ्लाइट नहीं उतर सकी; डीग में ढहा दो मंजिला मकान

लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
Follow us on Google News
share

राजधानी जयपुर में गुरुवार रात करीब 10 बजे से शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रही। लगातार बरसात के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। कई सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जयपुर में रातभर बरसे बादल, एकनाथ शिंदे की फ्लाइट नहीं उतर सकी; डीग में ढहा दो मंजिला मकान
राजधानी जयपुर में गुरुवार रात करीब 10 बजे से शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रही। लगातार बरसात के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। कई सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरे प्रदेश में सक्रिय हो गया है। गुरुवार देर रात से शुरू हुई तेज बारिश का असर राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में देखने को मिला। लगातार बारिश के कारण जयपुर एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का विशेष विमान लैंड नहीं कर सका और उसे दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। वहीं, चूरू में कई घरों में पानी घुस गया, धौलपुर में सड़कें जलमग्न हो गईं और डीग जिले में लगातार बारिश के चलते दो मंजिला मकान ढह गया।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 5 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 20 जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी दी गई है। विभाग का कहना है कि नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने से 10 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

जयपुर में रातभर बरसते रहे बादल

राजधानी जयपुर में गुरुवार रात करीब 10 बजे से शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रही। लगातार बरसात के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। कई सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज हवा और बारिश के कारण तापमान में भी करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।

खराब मौसम के कारण दिल्ली डायवर्ट हुई एकनाथ शिंदे की फ्लाइट

जयपुर एयरपोर्ट पर खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पुणे से विशेष विमान के जरिए जयपुर आ रहे थे, लेकिन तेज बारिश और कम दृश्यता के कारण विमान की लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। इसके बाद विमान को सुरक्षा कारणों से दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया।

चूरू में घरों में घुसा पानी, लोग रातभर रहे परेशान

चूरू जिले के सादुलपुर और सरदारशहर में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए। कई कॉलोनियों और निचले इलाकों में चार फीट तक पानी भर गया। महाराणा प्रताप चौक सहित कई क्षेत्रों में जलभराव होने से पानी घरों में घुस गया। लोगों ने मिट्टी के कट्टे लगाकर घरों में पानी घुसने से रोकने की कोशिश की। लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा।

धौलपुर में सड़कें डूबीं, कई इलाकों में जलभराव

धौलपुर जिले के राजाखेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश के बाद सड़कें पानी में डूब गईं। कई जगहों पर आवागमन प्रभावित हुआ। सैंपऊ क्षेत्र के गढ़ी गांव में लगातार बारिश के कारण तीन मकानों की दीवारें और छत की पट्टियां गिर गईं। हालांकि, किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

डीग में ढहा दो मंजिला मकान

डीग जिले के कामां क्षेत्र के घिलावटी गांव में गुरुवार सुबह लगातार बारिश के चलते दो मंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए बड़ा हादसा टल गया। मकान गिरने से घरेलू सामान मलबे में दब गया। ग्रामीणों के अनुसार, लगातार बारिश से मकान की नींव और दीवारें कमजोर हो गई थीं, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

पूर्वी राजस्थान में कई जगह 8 इंच तक बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। अलवर के गोविंदगढ़ और कठूमर, भरतपुर के भुसावर, बयाना, नगर, सीकरी, पहाड़ी और कुम्हेर, धौलपुर के सरमथुरा, बाड़ी और बसेड़ी, दौसा के सिकराय, करौली के हिंडौन, मासलपुर और सुरौठ तथा सवाई माधोपुर के तलवाड़ा क्षेत्र में 2 से 8 इंच तक बारिश रिकॉर्ड की गई। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई।

बारिश से तापमान में बड़ी गिरावट

लगातार बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला। पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में दिन के अधिकतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। दौसा में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री, अलवर में 27.8 डिग्री, सिरोही में 27.6 डिग्री, प्रतापगढ़ में 28.7 डिग्री, डूंगरपुर में 30.6 डिग्री और उदयपुर में 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

10 अगस्त तक बारिश जारी रहने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय नए वेदर सिस्टम के प्रभाव से 10 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को 5 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 20 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरजयपुर में रातभर बरसे बादल, एकनाथ शिंदे की फ्लाइट नहीं उतर सकी; डीग में ढहा मकान