Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरjaipur mosque stone pelting bulldozer action chomu imam chowk
जयपुर में मस्जिद के बाहर पुलिस पर पथराव करने वालों के घर गरजे बुलडोजर

जयपुर में मस्जिद के बाहर पुलिस पर पथराव करने वालों के घर गरजे बुलडोजर

संक्षेप:

जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में मस्जिद के बाहर पुलिस पर पथराव की घटना के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। चौमूं के इमाम चौक इलाके में स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर चलाया। 

Jan 02, 2026 09:47 am ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में मस्जिद के बाहर पुलिस पर पथराव की घटना के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। चौमूं के इमाम चौक इलाके में स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर चलाया। इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

दरअसल, कुछ दिन पहले चौमूं में मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। इस दौरान पुलिस पर पथराव किया गया था, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की और नगर परिषद ने अवैध निर्माणों की जांच तेज कर दी।

प्रशासन के मुताबिक, इमाम चौक क्षेत्र में लंबे समय से सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद नगर परिषद ने 19 से 20 लोगों को नोटिस जारी किए थे, जिनमें निर्धारित समय सीमा में जवाब देने और स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। नोटिस की मियाद पूरी होने के बाद गुरुवार को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू की।

चौमूं थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “जो गलत है, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। हम नगर परिषद के साथ मौके पर मौजूद हैं। नगर परिषद ने अतिक्रमण की पहचान की है और उसी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानून के दायरे में की जा रही है और किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा।

जयपुर पश्चिम के एडीसीपी राजेश गुप्ता ने बताया कि नगर परिषद द्वारा चिन्हित सभी अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “नगर परिषद ने करीब 19-20 नोटिस जारी किए थे। जिन लोगों ने नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया, उनके खिलाफ अब कार्रवाई की जा रही है। कुछ दिन पहले जिन लोगों ने माहौल बिगाड़ने और पुलिस पर पथराव करने में भूमिका निभाई थी, उनके अवैध निर्माण भी इस कार्रवाई के दायरे में हैं।”

कार्रवाई के दौरान इमाम चौक और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी रखी गई ताकि किसी भी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति से निपटा जा सके। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है।

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई किसी एक समुदाय या व्यक्ति के खिलाफ नहीं है, बल्कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ है। अधिकारियों के मुताबिक, नगर परिषद क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और जहां-जहां अवैध निर्माण पाए जाएंगे, वहां कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। कुछ लोगों का कहना है कि लंबे समय से इमाम चौक क्षेत्र में अवैध कब्जे बढ़ते जा रहे थे, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही थी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अब सार्वजनिक रास्ते और जगहें खाली हो सकेंगी।

प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस पर पथराव और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। चौमूं में हुई यह बुलडोजर कार्रवाई प्रशासन के सख्त संदेश के तौर पर देखी जा रही है कि हिंसा और अतिक्रमण, दोनों के खिलाफ अब ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma
इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में पिछले 5 साल का अनुभव है। लाइव हिंदुस्तान से पहले, जी राजस्थान, महानगर टाइम्समें सेवा दे चुके हैं। राजस्थान विश्विद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। गुलाबी नगरी जयपुर में ही जन्म हुआ। राजस्थान की राजनीति और समृद्ध कला, संस्कृति पर लिखना पसंद है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।