जयपुर में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या, बैठने की जगह को लेकर विवाद

Feb 23, 2026 03:29 pm ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share

राजधानी जयपुर के भट्टाबस्ती थाना इलाके में रविवार रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बैठने की जगह को लेकर हुए झगड़े में 17 वर्षीय नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर एकत्र हो गए।

जयपुर में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या, बैठने की जगह को लेकर विवाद

राजधानी जयपुर के भट्टाबस्ती थाना इलाके में रविवार रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बैठने की जगह को लेकर हुए झगड़े में 17 वर्षीय नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर एकत्र हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

बैठने की जगह को लेकर शुरू हुआ विवाद

भट्टाबस्ती थाना अधिकारी दीपक त्यागी ने बताया कि घटना रविवार रात करीब 8:30 बजे भौमियां बस्ती में हुई। यहां रहने वाले आदिल (17) पर उसी इलाके के अरबाज और समीर ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात वाली जगह पर बैठने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने आदिल पर चाकू से हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने आदिल का पीछा करते हुए उस पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल आदिल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आपसी रंजिश की आशंका

एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते थे और पूर्व में भी उनके बीच विवाद की स्थिति बनी थी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमले की पूरी घटनाक्रम की पुष्टि हो सके। सहायक पुलिस आयुक्त सुरेंद्र सिंह चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले भी मुकदमे

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अरबाज के खिलाफ पहले भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसकी और उसके साथी की पहचान कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

थाने के बाहर प्रदर्शन, पुलिस ने किया बल प्रयोग

घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में भट्टाबस्ती थाने के बाहर एकत्र हो गए। लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। परिजनों का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाने की कोशिश की।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया ताकि स्थिति बिगड़ने न पाए। एहतियातन इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और गश्त बढ़ा दी गई है।

इलाके में तनाव, पुलिस की सख्ती

घटना के बाद भौमियां बस्ती और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस अलर्ट मोड पर है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना ने एक बार फिर मामूली विवादों के खतरनाक अंजाम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी में नाबालिग की इस हत्या से कानून-व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।