जयपुर में हाईवे पर भीषण हादसा, झपकी के चलते ट्रेलर में घुसी कार; 5 की मौत
राजस्थान की राजधानी जयपुर के चाकसू क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे (एनएच-52) पर टिगरिया मोड़ के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ।

राजधानी जयपुर के चाकसू क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे (एनएच-52) पर टिगरिया मोड़ के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
चाकसू थाना एसएचओ मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार मध्य प्रदेश के जबलपुर से जयपुर की ओर आ रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दुर्घटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। कार में फंसे शवों को निकालने के लिए क्रेन की सहायता ली गई और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे कराया गया।
4 की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार हादसे में महिला सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस प्रकार हादसे में कुल पांच लोगों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान रेशमा श्रीवास्तव पत्नी अखिलेश श्रीवास्तव, पीयूष राय पुत्र राजेश राय, राहुल रजक पुत्र बबलू रजक और ड्राइवर अनुराग के रूप में हुई है। पांचवें मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। सभी मृतक मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।
हाईवे पर लगा जाम, यातायात प्रभावित
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सुबह का समय होने के कारण यातायात का दबाव बढ़ता जा रहा था। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रेलर को हटवाया और यातायात को सुचारू कराया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।
दुर्घटना थाना सेकेंड के जांच अधिकारी जयसिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण हादसा होना सामने आया है। हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। ट्रेलर चालक से पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
झपकी बनी जानलेवा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान नींद या थकान कई बार गंभीर हादसों का कारण बनती है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला भी चालक की झपकी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। टक्कर की तीव्रता से अंदाजा लगाया जा सकता है कि कार तेज रफ्तार में थी। कार सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा भिड़ी, जिससे आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
शव मॉर्च्यूरी में रखवाए गए
पुलिस ने सभी शवों को चाकसू उपजिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में पुलिस का सहयोग किया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर इसे लापरवाहीजनित दुर्घटना माना जा रहा है। हाईवे पर लगातार बढ़ते हादसों के बीच यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लंबी दूरी की ड्राइविंग के दौरान सावधानी की आवश्यकता की याद दिलाती है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


