
जयपुर में डंपर ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौके पर मौत: CCTV में कैद दर्दनाक हादसा, साथी गंभीर घायल
जयपुर-सीकर हाईवे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई
जयपुर-सीकर हाईवे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक घटना हरमाड़ा थाना क्षेत्र के टोडी मोड़ तिराहे पर हुई। पूरी घटना सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें बाइक सवार युवक सड़क पार करते दिख रहे हैं, तभी तेज रफ्तार डंपर अचानक उन्हें टक्कर मार देता है।
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। बाइक पर दो युवक चौमूं से जयपुर की ओर आ रहे थे। इस दौरान टोडी मोड़ तिराहे पर जैसे ही उन्होंने सड़क पार करने की कोशिश की, उसी वक्त सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक उछलकर दूर जा गिरे, जबकि एक युवक बाइक सहित डंपर के नीचे फंस गया और डंपर उसे कुछ मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। हरमाड़ा थाना और दुर्घटना (वेस्ट) थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को एम्बुलेंस से चौमूं के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
एक्सीडेंट (वेस्ट) थाना के हेड कॉन्स्टेबल भरत सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मध्य प्रदेश निवासी सोनू (30) के रूप में हुई है। जबकि उसका साथी गौरीशंकर (29) बरवाड़ा समोद का रहने वाला है। दोनों ही युवक सोलर प्लांट लगाने का काम करते थे और रोजाना चौमूं से जयपुर आते-जाते थे। गुरुवार को भी वे काम पर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
भरत सिंह के अनुसार, डंपर के चालक ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि सोनू बाइक सहित डंपर के नीचे फंस गया और सड़क पर घसीटता चला गया। टक्कर लगने के बाद पीछे बैठा गौरीशंकर उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद चालक मौके पर डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जयपुर-सीकर हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। टोडी मोड़ तिराहा खासतौर पर दुर्घटनाओं का ब्लैक स्पॉट बन चुका है, लेकिन अब तक यहां कोई प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन नहीं किया गया है। लोगों ने प्रशासन से इस मोड़ पर स्पीड ब्रेकर और सिग्नल लगाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक सोनू के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा।
यह हादसा एक बार फिर इस बात की याद दिलाता है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे भारी वाहनों के कारण मासूम जानें सड़कों पर असमय खत्म हो रही हैं। पुलिस अब डंपर चालक की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है, ताकि मृतक के परिवार को न्याय मिल सके।

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




