Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरjaipur bus accident high tension line manoharpur rajasthan
जयपुर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई मजदूरों से भरी बस, 2 की मौत, 10 से ज्यादा झुलसे

जयपुर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई मजदूरों से भरी बस, 2 की मौत, 10 से ज्यादा झुलसे

संक्षेप: जयपुर के मनोहरपुर में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मजदूरों से भरी बस अचानक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई, जिससे बस में आग लग गई। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई

Tue, 28 Oct 2025 11:55 AMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
share Share
Follow Us on

मंगलवार सुबह जयपुर जिले के मनोहरपुर इलाके में दर्दनाक हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक बस अचानक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई, जिससे बस में करंट दौड़ गया और देखते ही देखते आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह बस मजदूरों को टोडी क्षेत्र स्थित ईंट भट्टे पर लेकर जा रही थी। रास्ते में हाईटेंशन लाइन से बस का संपर्क हो गया, जिसके कारण पूरा वाहन करंट की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि बस में रखे गैस सिलेंडरों में भी धमाका हो गया। धमाकों की आवाज से आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए और मदद के लिए मौके पर दौड़ पड़े।

स्थानीय लोगों ने किसी तरह झुलसे मजदूरों को बस से बाहर निकाला और तुरंत एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) हॉस्पिटल रेफर किया गया है। अस्पताल प्रशासन ने हादसे के बाद इमरजेंसी वार्ड में अलर्ट जारी किया है।

जयपुर के जिला कलेक्टर जितेंद्र सोनी और पुलिस अधिकारी भी मौके पर रवाना हुए। बताया जा रहा है कि बस में कुल 20 से अधिक मजदूर सवार थे। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि हादसा बस की ऊंचाई और हाईटेंशन लाइन की दूरी कम होने की वजह से हुआ। बिजली विभाग की लापरवाही की भी जांच की जा रही है।

स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने का आश्वासन दिया है। साथ ही हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

बीते दिनों भी कई राज्यों में हुए बस हादसे

राजस्थान सहित देशभर में पिछले कुछ दिनों में कई बड़े बस हादसे सामने आ चुके हैं।

• 14 अक्टूबर: जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर चलती एसी स्लीपर बस में आग लग गई थी। इस भयावह हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई थी।

• 24 अक्टूबर: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में एसी बस से बाइक टकराने के बाद आग लग गई। इसमें 20 लोगों की मौत हो गई।

• 25 अक्टूबर: मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में रात के समय बस में आग लग गई, हालांकि चालक और पुलिसकर्मी की सूझबूझ से सभी यात्रियों की जान बच गई।

• 26 अक्टूबर: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर चलती बस में टायर फटने से आग लग गई, लेकिन समय रहते सभी 70 यात्री बाहर निकल आए।

लगातार हो रहे इन हादसों ने बस सुरक्षा और मेंटेनेंस पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जयपुर हादसे के बाद अब स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग की भूमिका पर भी जांच की मांग उठने लगी है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma
इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में पिछले 5 साल का अनुभव है। लाइव हिंदुस्तान से पहले, जी राजस्थान, महानगर टाइम्समें सेवा दे चुके हैं। राजस्थान विश्विद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। गुलाबी नगरी जयपुर में ही जन्म हुआ। राजस्थान की राजनीति और समृद्ध कला, संस्कृति पर लिखना पसंद है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।