
जयपुरवासियों के लिए खुशखबरी: शहर और रूटों पर दौड़ेंगी नई ब्लू लाइन बसें
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने आज राजधानी जयपुर से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती देने के उद्देश्य से 162 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
राजस्थान को शनिवार को यातायात सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजधानी जयपुर स्थित अमर जवान ज्योति से राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (आरएसआरटीसी) की 160 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसों और जयपुर से काठगोदाम (कैंचीधाम, उत्तराखण्ड) तक सुपर लग्जरी बस सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार आमजन को सुरक्षित, सुलभ और आधुनिक यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि “समाज के अंतिम व्यक्ति तक हर सुविधा की पहुंच सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। नई बसों के संचालन से यातायात दबाव का प्रबंधन आसान होगा और यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।”
नई शुरुआत में जयपुर से काठगोदाम (कैंचीधाम) तक सुपर लग्जरी बस सेवा को विशेष महत्व दिया गया है। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि बाबा नीम करौली धाम (कैंचीधाम) जाने वाले श्रद्धालुओं को इससे बड़ी सहूलियत मिलेगी। धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने पिछले वर्ष अयोध्या, गोवर्धन, सालासर बालाजी, रामदेवरा, श्रीनाथजी, श्रीकरणी माता और कैलादेवी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक बस सेवाओं की शुरुआत की थी।
मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान नई बसों का विधिवत पूजन किया और उनके अंदर जाकर सुविधाओं का अवलोकन भी किया। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने उन्हें आधुनिकतम सुविधाओं की जानकारी दी।
राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत खरीदी गई ये 160 ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें प्रदेश के 12 डिपो को आवंटित की गई हैं। इनमें जयपुर के साथ-साथ वैशाली नगर, विद्याधर नगर, शाहपुरा, हिण्डौन, दौसा, अजमेर, अजयमेरू, कोटपूतली, धौलपुर, सवाईमाधोपुर और भीलवाड़ा डिपो शामिल हैं। इन बसों के संचालन से बड़े पैमाने पर आमजन को सस्ती और सुरक्षित यात्रा सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि नई बसों का संचालन राज्य के परिवहन नेटवर्क को मजबूती देगा। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में एक समान रूप से यातायात की सुविधा विस्तार होगा, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान की अर्थव्यवस्था को गति देने में सड़क और यातायात सेवाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधायक गोपाल शर्मा, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की अध्यक्ष शुभ्रा सिंह, परिवहन विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी, प्रबंध निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा सहित आरएसआरटीसी और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
राजस्थान सरकार का यह कदम न केवल सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा देगा, बल्कि धार्मिक और सामान्य यात्रियों दोनों को सुलभ, सुरक्षित और किफायती यात्रा विकल्प भी उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल यातायात सुविधा बढ़ाना नहीं है, बल्कि यात्रियों को आधुनिक और विश्वसनीय सेवा देना भी है।

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




