
जयपुर में पहली बार आर्मी डे परेड, महल रोड पर ट्रैफिक अलर्ट; 9 से 15 जनवरी तक बदली रहेगी शहर की रफ्तार
राजधानी जयपुर एक ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रही है। पहली बार शहर में आर्मी डे परेड–2026 का आयोजन होने जा रहा है और इसके लिए प्रशासन ने कमर कस ली है।
राजधानी जयपुर एक ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रही है। पहली बार शहर में आर्मी डे परेड–2026 का आयोजन होने जा रहा है और इसके लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। परेड की भव्यता जितनी बड़ी है, उतना ही बड़ा असर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी पड़ने वाला है। खासकर महाल रोड (जगतपुरा) और उससे जुड़े इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए आने वाले दिन चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।
आर्मी डे परेड का आयोजन 15 जनवरी 2026 को किया जाएगा, लेकिन इसकी तैयारियां और पूर्वाभ्यास पहले ही शुरू हो चुके हैं। यही वजह है कि 9 जनवरी, 11 जनवरी, 13 जनवरी और 15 जनवरी 2026 को सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक आम दर्शकों के लिए परेड स्थल खोला जाएगा। इन दिनों जयपुर की सड़कों पर भारतीय सेना का अनुशासन, शौर्य और पराक्रम देखने को मिलेगा, लेकिन इसके साथ ही यातायात में बड़े बदलाव भी लागू रहेंगे।
महल रोड रहेगा बंद, सुबह 5 से दोपहर 1 बजे तक निषेध
पुलिस प्रशासन के अनुसार, एनआरआई चौराहा से बॉम्बे हॉस्पीटल चौराहा तक महल रोड पर सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक सामान्य यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। यह निर्णय परेड के पूर्वाभ्यास, तैयारियों और मुख्य आयोजन को देखते हुए लिया गया है। इस दौरान इस मार्ग से किसी भी प्रकार के सामान्य वाहन का आवागमन नहीं हो सकेगा।
दर्शकों की बैठक व्यवस्था भी तय
आर्मी डे परेड देखने आने वाले दर्शकों की बैठक व्यवस्था अक्षय पात्र मंदिर के सामने रखी गई है। प्रशासन ने साफ निर्देश दिए हैं कि दर्शक डी-मार्ट सर्किल की ओर से महावीर मार्ग और केन्द्रीय विहार मार्ग होते हुए आएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। गलत दिशा से आने पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।
जानिए कौन-से रास्ते होंगे डायवर्ट
ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत वैकल्पिक रूट प्लान जारी किया है—
खाटूश्याम सर्किल से एनआरआई चौराहा होते हुए अक्षय पात्र की ओर जाने वाला यातायात एनआरआई चौराहे से डायवर्ट कर हल्दीघाटी मार्ग और वीआईटी रोड की ओर भेजा जाएगा।
विधाणी चौराहा से बॉम्बे हॉस्पीटल व अक्षय पात्र की ओर जाने वाले वाहन बॉम्बे हॉस्पीटल चौराहे से डायवर्ट होकर केन्द्रीय विहार मार्ग का उपयोग करेंगे।
यदि यातायात का दबाव अधिक हुआ तो विधाणी चौराहा से बॉम्बे हॉस्पीटल जाने वाले वाहन सीधे महात्मा गांधी रोड की ओर मोड़ दिए जाएंगे।
राणा सांगा मार्ग से अक्षय पात्र चौराहा (महाल रोड) जाने वाले वाहन को द्वारकापुरा सर्किल या गौतम बुद्ध सर्किल से डायवर्ट कर समानांतर मार्गों पर चलाया जाएगा।
गोनेर रोड से महल रोड की ओर जाने वाले वाहन को डी-मार्ट सर्किल से पहले ही रोककर वैकल्पिक समानांतर मार्गों पर भेजा जाएगा।
कॉलोनियों के गेट भी रहेंगे सील
सुरक्षा कारणों से एनआरआई चौराहा से बॉम्बे हॉस्पीटल चौराहा तक महल रोड पर खुलने वाले सभी आवासीय कॉलोनियों के गेट और छोटे रास्ते अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। इन रास्तों से किसी भी प्रकार का यातायात अनुमत नहीं होगा। हालांकि, स्थानीय निवासी अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए महल रोड के समानांतर आंतरिक मार्गों का उपयोग कर सकेंगे।
पार्किंग की भी पुख्ता व्यवस्था
परेड में शामिल होने वाले आम नागरिकों के लिए प्रशासन ने हल्दीघाटी मार्ग और राणा सांगा मार्ग पर निर्धारित पार्किंग स्थल बनाए हैं। निजी वाहनों को परेड स्थल तक ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन की अपील
जयपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक अलर्ट को गंभीरता से लें, अनावश्यक रूप से महल रोड क्षेत्र में जाने से बचें और समय से पहले वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाएं।

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




