धौलपुर में फ़ूड पॉइजनिंग से 75 वर्षीय महिला की मौत; एक परिवार के 11 लोग बीमार
अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों का इलाज शुरू किया गया, लेकिन 75 वर्षीय त्रिवेनी की हालत लगातार गंभीर बनी रही। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद 12 जुलाई 2026 को उनकी मौत हो गई।

राजस्थान के धौलपुर जिले में जन्मदिन की पार्टी के बाद बचा हुआ खाना पूरे परिवार के लिए जानलेवा साबित हो गया। कथित फूड पॉइजनिंग के चलते एक ही परिवार के 11 सदस्य बीमार पड़ गए, जिनमें 75 वर्षीय महिला त्रिवेनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
7 जुलाई को हुई थी जन्मदिन की पार्टी
जानकारी के मुताबिक, धौलपुर जिले के लूला का पुरा गांव में 7 जुलाई को एक बच्ची के जन्मदिन के उपलक्ष्य में पारिवारिक समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान मेहमानों के लिए पनीर की सब्जी सहित कई व्यंजन बनाए गए। समारोह समाप्त होने के बाद काफी मात्रा में खाना बच गया, जिसे अगले दिन खाने के लिए रख दिया गया।
बची हुई पनीर की करी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
परिवार के सदस्य महेश कुशवाहा ने बताया कि अगले दिन परिवार के कई लोगों ने बची हुई पनीर की करी और अन्य भोजन खा लिया। खाना खाने के कुछ ही समय बाद परिवार के सदस्यों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बेचैनी जैसी शिकायतें शुरू हो गईं। हालत बिगड़ने पर सभी को धौलपुर जिला अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला ने तोड़ा दम
अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों का इलाज शुरू किया गया, लेकिन 75 वर्षीय त्रिवेनी की हालत लगातार गंभीर बनी रही। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद 12 जुलाई 2026 को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी।
11 सदस्य अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी
बीमार हुए लोगों में रौनक, सीमा, पिंकी, पूनम, अनुष्का, त्रिवेनी, सुनीता, लकी, नितिन, सतीश और पंचम सिंह शामिल हैं। सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
डॉक्टर बोले- शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका
जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. समरवीर सिंह ने बताया कि सभी मरीज पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे। शुरुआती जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है, लेकिन भोजन किस कारण दूषित हुआ, इसका खुलासा मेडिकल जांच और लैब रिपोर्ट के बाद ही होगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं और भोजन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गर्मी में बचा खाना बन सकता है खतरनाक
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी और उमस के मौसम में पनीर, दूध से बने उत्पाद और पकी हुई सब्जियां लंबे समय तक सामान्य तापमान पर रखने से उनमें बैक्टीरिया तेजी से पनप सकते हैं। ऐसे भोजन को दोबारा खाने से फूड पॉइजनिंग का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसलिए बचा हुआ खाना हमेशा फ्रिज में सुरक्षित रखना और खाने से पहले अच्छी तरह गर्म करना जरूरी है।
पोस्टमार्टम और लैब रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल प्रशासन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संदिग्ध भोजन की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर यह साफ हो सकेगा कि परिवार के 11 सदस्य आखिर किस वजह से बीमार पड़े और 75 वर्षीय महिला की मौत का वास्तविक कारण क्या था।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


