डकैत जगन गुर्जर हत्याकांड में बड़ा एक्शन, SHO लाइन हाजिर

लाइव हिन्दुस्तान, अजमेर, धौलपुर
Follow us on Google News
share

कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की 29 जून को अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में हत्या कर दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि भरतपुर के चर्चित कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी विष्णु ने उसी बैरक में बंद जगन गुर्जर का तौलिए से गला दबाकर हत्या कर दी।

डकैत जगन गुर्जर हत्याकांड में बड़ा एक्शन, SHO लाइन हाजिर

अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या के बाद धौलपुर जिले में शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन रविवार देर रात प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया। जगन गुर्जर की बारहवीं की रस्म पूरी होने के बाद भी परिजनों की मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से गुर्जर समाज और डांग क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई थी। आंदोलन तेज होने की आशंका के बीच धौलपुर जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और देर रात गजपुरा चौराहे पर कलेक्टर श्रीनिधि बीटी तथा एसपी प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने पहुंचे। करीब आधी रात तक चली वार्ता के बाद पांच प्रमुख मांगों पर सहमति बनी, जिसके बाद बाड़ी थाना प्रभारी (SHO) देवेंद्र शर्मा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही जगन गुर्जर के भाई पप्पू गुर्जर को दूसरी जेल में शिफ्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू करने का भरोसा दिया गया।

बारहवीं के कार्यक्रम के बाद बढ़ा विरोध

रविवार सुबह धौलपुर के डांग क्षेत्र स्थित भभूतिपुरा गांव में जगन गुर्जर की बारहवीं की रस्म आयोजित की गई थी। इसमें आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रस्म पूरी होने के बाद गुर्जर समाज और ग्रामीणों की बैठक हुई, जिसमें हत्या के 12 दिन बाद भी संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई गई।

ग्रामीणों का कहना था कि लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। इसके बाद आंदोलन तेज करने का फैसला लिया गया और सैकड़ों लोग बाड़ी शहर की ओर कूच करने लगे।

कलेक्टर और एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े परिजन

दिन के समय बाड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रवण कुमार और एसडीएम अमित कुमार वर्मा ने परिजनों और समाज के लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे कि जब तक जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर आकर वार्ता नहीं करेंगे, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा।

शाम ढलते-ढलते बड़ी संख्या में ग्रामीण बाड़ी की ओर बढ़ने लगे। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने गजपुरा चौराहे पर उन्हें रोककर बातचीत शुरू की। देर रात तक चली वार्ता में पांच प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद आंदोलन समाप्त हुआ और ग्रामीण शांतिपूर्वक अपने गांव भभूतिपुरा लौट गए।

SHO लाइन हाजिर, पप्पू गुर्जर की जेल बदलेगी

वार्ता के दौरान प्रशासन ने कई अहम फैसले लिए। बाड़ी थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा को जांच पूरी होने तक लाइन हाजिर कर दिया गया। इसके अलावा सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए जगन गुर्जर के भाई पप्पू गुर्जर को दूसरी जेल में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने का भी भरोसा दिया गया। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

29 जून को अजमेर जेल में हुई थी हत्या

गौरतलब है कि कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की 29 जून को अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में हत्या कर दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि भरतपुर के चर्चित कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी विष्णु ने उसी बैरक में बंद जगन गुर्जर का तौलिए से गला दबाकर हत्या कर दी।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि गला दबाने से गर्दन पर इतना अधिक दबाव पड़ा कि जगन की हायोड बोन (Hyoid Bone) टूट गई। चिकित्सकीय रिपोर्ट के अनुसार इस गंभीर चोट के कारण कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठे थे।

कलेक्टर बोले- जांच पूरी होने तक रहेगा फैसला लागू

धौलपुर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने बताया कि ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से सुनने के बाद थाना प्रभारी को जांच पूरी होने तक लाइन हाजिर किया गया है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पप्पू गुर्जर को दूसरी जेल में शिफ्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

प्रशासन का कहना है कि वार्ता सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई और प्रतिनिधिमंडल की सहमति के बाद आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया। फिलहाल पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। जगन गुर्जर हत्याकांड की जांच जारी है तथा संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की सभी पहलुओं से पड़ताल कर रही हैं।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।