जिन्होंने राम को नकारा, राम ने उन्हें नकार दिया; जालौर में गरजे CM योगी

Mar 16, 2026 01:47 pm ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, जालौर
share

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय राजस्थान दौरे के दूसरे दिन सोमवार को जालोर के प्रसिद्ध सिरे मंदिर धाम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया।

जिन्होंने राम को नकारा, राम ने उन्हें नकार दिया; जालौर में गरजे CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय राजस्थान दौरे के दूसरे दिन सोमवार को जालोर के प्रसिद्ध सिरे मंदिर धाम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया। जालोर की पहाड़ियों पर स्थित इस ऐतिहासिक तीर्थ स्थल पर उन्होंने रत्नेश्वर महादेव मंदिर की 375वीं वर्षगांठ के अवसर पर पूजा-अर्चना की और विशाल महायज्ञ में आहुति देकर पूर्णाहुति की रस्म निभाई।

रात्रि विश्राम सिरे मंदिर धाम में करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिन की शुरुआत पूरी तरह आध्यात्मिक माहौल में की। सुबह करीब 7:30 बजे उन्होंने रत्नेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंत्रोच्चार और शंखनाद से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। योगी आदित्यनाथ ने भगवान महादेव से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए सिरे मंदिर धाम की आध्यात्मिक परंपरा और नाथ संप्रदाय की गौरवशाली विरासत को नमन किया।

राम मंदिर और आस्था पर विपक्ष को घेरा

सिरे मंदिर में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धार्मिक आस्था और राम मंदिर के मुद्दे पर विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें भारत की धार्मिक आस्था को अंधविश्वास और रूढ़िवाद बताकर उसका मजाक उड़ाती थीं, जबकि भारत की असली ताकत उसकी आस्था और संस्कृति में निहित है।

राम मंदिर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “जिन लोगों ने भगवान राम को ठुकराया और उनके अस्तित्व को नकारा, आज समय ऐसा आ गया है कि राम ने भी उन्हें नकार दिया है।”

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अपनी सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा दी है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि जब समाज एकजुट होकर खड़ा होता है, तो 500 वर्षों से लंबित समस्याओं का भी समाधान संभव हो जाता है।

एकता और आध्यात्मिक शक्ति पर जोर

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराएं ही समाज को कठिन समय में भी जोड़कर रखने की ताकत देती हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक एकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है।

उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि जातिवाद और सामाजिक विभाजन से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। योगी ने कहा कि जाति केवल सामाजिक व्यवस्था का हिस्सा हो सकती है, लेकिन जातिवाद समाज के लिए घातक है।

धर्मसभा में उमड़ा जनसैलाब

सिरे मंदिर धाम में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सुबह करीब 10 बजे आयोजित विशाल धर्मसभा में तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ ने भी मंच साझा किया।

बाबा बालकनाथ ने अपने संबोधन में राजस्थान और उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए नाथ संप्रदाय की परंपराओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपरा सदियों से समाज को दिशा देती रही है और संतों की तपस्या ने इस विरासत को समृद्ध बनाया है।

इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए ‘राष्ट्र प्रथम’ का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत वह पवित्र भूमि है जहां भगवान स्वयं अवतार लेते हैं, जबकि दुनिया के अन्य हिस्सों में वे अपने दूत भेजते हैं।

जालोर के शौर्य और इतिहास को किया नमन

मुख्यमंत्री ने जालोर की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि वीरता और बलिदान की प्रतीक रही है। उन्होंने कहा कि अलाउद्दीन खिलजी के काल से जुड़े जौहर के इतिहास ने इस क्षेत्र को अद्वितीय पहचान दी है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम सभी एक गौरवशाली विरासत के उत्तराधिकारी हैं और इसे सहेजना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है।

बच्चों के साथ दिखा सहज अंदाज

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। श्री शांतिनाथ बालिका उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर के एक छात्र ने मंच से उनके साथ सेल्फी लेने की इच्छा जताई। योगी ने बच्चे को मंच पर बुलाकर उसके साथ सेल्फी ली और बच्चों को चॉकलेट भी बांटी।

उनका यह सहज और स्नेहपूर्ण व्यवहार वहां मौजूद लोगों को काफी पसंद आया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के नए भवन का अवलोकन भी किया और परिसर में अशोक का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जोधपुर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे

कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 11:55 बजे हेलीकॉप्टर से जोधपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। वहां से वे विशेष विमान के जरिए उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।

उनके इस दो दिवसीय दौरे के दौरान जालोर और आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक और राजनीतिक दोनों ही स्तरों पर खासा उत्साह देखने को मिला। प्रशासन की ओर से पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।