
वन बुलेट, वन एनिमी के जज़्बे संग जवानों ने सजाई दीयों की चौकी; जैसलमेर बॉर्डर पर मनाई दिवाली
राजस्थान के जैसलमेर जिले में भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इस बार दिवाली का उत्सव कुछ खास रहा। जहां देशभर के लोग अपने घरों में रोशनी फैला रहे थे, वहीं सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने सरहद को देशभक्ति की रौशनी से जगमग कर दिया।
राजस्थान के जैसलमेर जिले में भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इस बार दिवाली का उत्सव कुछ खास रहा। जहां देशभर के लोग अपने घरों में रोशनी फैला रहे थे, वहीं सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने सरहद को देशभक्ति की रौशनी से जगमग कर दिया। रेत के सुनहरे धोरों पर दीपों की कतारें सजीं, रंगोली बनी और आसमान में देशभक्ति के रंग बिखेरते पटाखे गूंज उठे।

जवानों ने मोमबत्तियाँ और मिट्टी के दीये जलाकर मां भारती की सेवा के संकल्प को फिर से ताज़ा किया। सीमा चौकी पर सजे दीयों की लौ न केवल अंधकार मिटा रही थी, बल्कि उन दिलों को भी गर्माहट दे रही थी जो अपने परिवारों से हजारों किलोमीटर दूर रहकर देश की रक्षा कर रहे हैं।
बीएसएफ के एक जवान ने भावनाओं को शब्द देते हुए कहा, “हम सब देशवासियों को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। अगर सीमा पर दुश्मन दिखाई देता है तो हमारे लिए नियम है – ‘वन बुलेट, वन एनिमी’। लेकिन आज की रात हमारी है, हमारे देश की है। कमांडर साहब ने मुख्यालय से मिठाई और पटाखे भेजे हैं, हम सबने मिलकर रंगोली बनाई और दीये जलाए।”
इस मौके पर जवानों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और “भारत माता की जय” के नारों से माहौल गूंज उठा। कई जवानों ने वीडियो कॉल के ज़रिए अपने परिवारों से बात की — कुछ के चेहरे पर मुस्कान थी, तो कुछ की आंखों में अपने बच्चों की याद से नमी।
बीएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के मौके पर जवानों का मनोबल बनाए रखना बेहद ज़रूरी होता है। इसलिए हर चौकी पर मिठाइयों और फुलझड़ियों की व्यवस्था की गई है। मुख्यालय से विशेष रूप से संदेश भेजा गया कि “सीमा पर तैनात हर जवान ही असली दीया है जो देश की सुरक्षा की लौ जलाए रखता है।”
दिवाली की इस रात जैसलमेर की रेतीली सरहद ने एक अनोखा नज़ारा देखा — जहां सीमाओं के उस पार सन्नाटा था, वहीं इस पार हर दीया देशभक्ति की लौ बनकर चमक रहा था। सरहद के ये सपूत न सिर्फ देश की रक्षा कर रहे हैं, बल्कि अपने साहस और उत्साह से हर भारतीय के दिल में उम्मीद की रौशनी भी जला रहे हैं।

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




