
BJP ने डमी कैंडिडेट उतारा, जनता ने पहचान लिया; डोटासरा का अंता उपचुनाव परिणाम पर कटाक्ष
अंता (बारां) विधानसभा उपचुनाव के नतीजों ने राजस्थान की राजनीतिक हवा एक बार फिर बदल दी है। कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया की जीत के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद डोटासरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर तीखे हमले बोले।
अंता (बारां) विधानसभा उपचुनाव के नतीजों ने राजस्थान की राजनीतिक हवा एक बार फिर बदल दी है। कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया की जीत के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद डोटासरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर तीखे हमले बोले। डोटासरा ने साफ शब्दों में कहा कि “बीजेपी ने अंता में धन-बल और सत्ता-बल का खुला दुरुपयोग किया, लेकिन जनता ने उन्हें कड़ा सबक सिखा दिया।”

उन्होंने दावा किया कि यह सिर्फ एक उपचुनाव का परिणाम नहीं, बल्कि 2028 विधानसभा चुनाव का ट्रेलर है, जिसमें जनता ने साफ संकेत दे दिए हैं कि झूठ नहीं, सिर्फ काम करने वाले नेताओं को ही स्वीकार किया जाएगा।
डोटासरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबसे बड़ा आरोप यह लगाया कि निर्दलीय नरेश मीणा वास्तव में बीजेपी के “डमी कैंडिडेट” थे, जिन्हें कांग्रेस का वोट काटने के लिए मैदान में उतारा गया था। उन्होंने कहा, “बीजेपी ने यह दांव खेला, लेकिन उल्टा पड़ गया। एक निर्दलीय ने ही उन्हें पछाड़ दिया, इससे बड़ी दुर्गति बीजेपी की हो नहीं सकती।”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अंता उपचुनाव में गुजरात से आए लोगों और ठेकेदारों ने बीजेपी के लिए पूरा माहौल खड़ा करने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि “गुजरात के लोग यहां आकर ठेके ले रहे हैं, चांदी कूट रहे हैं, लेकिन जनता ने तय कर दिया कि झूठ बोलकर राजनीति नहीं चलेगी।”
डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस ने गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर जनता से संवाद किया और उस मेहनत का नतीजा आज सामने आया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर मजबूती से चुनाव लड़ा, जबकि बीजेपी ने सरकारी मशीनरी और पैसों का भरपूर इस्तेमाल किया। डोटासरा ने कहा, “धन-बल और सत्ता-बल का इतना दुरुपयोग हुआ कि अगर ऐसा नहीं होता तो कांग्रेस 25 हजार वोटों से जीत दर्ज करती।”
डोटासरा ने इस जीत को कांग्रेस संगठन की एकजुटता, रणनीति और ग्राउंड वर्क का परिणाम बताया। उन्होंने प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर रंधावा और वरिष्ठ नेता टीकाराम जूली को भी बधाई दी और कहा कि यह जीत पार्टी के हौसले को दोगुना करने वाली है। उन्होंने कहा कि पूरे चुनाव के दौरान बीजेपी ने प्रमोद जैन भाया को बदनाम करने की कोशिश की, लेकिन अंता की जनता ने बीजेपी की यह रणनीति सिरे से खारिज कर दी।
उन्होंने दावा किया कि “अंता की जनता ने यह साबित कर दिया कि अब राजनीति में झूठ और फर्जी एजेंडा नहीं चलेगा। जनता ने हर बूथ पर जाकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की मेहनत को सराहा और बीजेपी को उनके ही खेल में मात दे दी।”
डोटासरा ने कहा कि अंता का परिणाम साफ संकेत देता है कि राजस्थान में कांग्रेस की पकड़ मजबूत है और 2028 के चुनावों में भी इसी जनता के भरोसे कांग्रेस एक बार फिर मजबूती से वापसी करेगी। उन्होंने बीजेपी से कहा कि “अब उन्हें आत्मचिंतन करना चाहिए कि क्यों जनता बार-बार उन्हें ठुकरा रही है।”

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




