बर्थडे पार्टी में लड़की को थप्पड़ मारने पर दोस्त की हत्या; भरतपुर ओपन जेल से फरार थे आरोपी
जांच में सामने आया कि आरोपी कुलदीप और कुल्लू गुर्जर हत्या के दो मामलों में सजा काट रहे हैं। दोनों भरतपुर ओपन जेल में बंद थे।

राजधानी जयपुर के मानसरोवर इलाके में रविवार देर रात एक बर्थडे पार्टी खूनी वारदात में बदल गई। दोस्तों के साथ जश्न मनाने पहुंचे एक युवक की उसी के साथियों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पार्टी में मौजूद एक लड़की को थप्पड़ मारने के बाद विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से हमला कर दिया। हैरानी की बात यह है कि हत्या करने के बाद आरोपी खुद ही घायल युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में इस मामले का एक और सनसनीखेज पहलू सामने आया है। हत्या के आरोपियों में शामिल तीन बदमाश भरतपुर ओपन जेल से फरार होकर जयपुर आए थे। सभी एक सजायाफ्ता कैदी के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने पहुंचे थे। पुलिस ने हत्या के मामले में आठ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि ओपन जेल से फरार होने के मामले में भी अलग से केस दर्ज किया गया है।
मृतक की पहचान धौलपुर के बखेड़ी निवासी अन्नू गुर्जर (25) के रूप में हुई है। वह अपने ममेरे भाई कल्लू गुर्जर के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए जयपुर आया था। पार्टी मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित आतिश मार्केट के एक क्लब में चल रही थी।
रात 2:30 बजे बदला माहौल, थप्पड़ से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार पार्टी में एक लड़की भी मौजूद थी। रात करीब 2:30 बजे किसी बात को लेकर अन्नू गुर्जर ने लड़की को थप्पड़ मार दिया। इसी बात को लेकर पार्टी का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। आरोपी अनुज गुर्जर ने अपने साथियों के साथ मिलकर अन्नू से मारपीट शुरू कर दी।
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने क्लब की रसोई में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठा लिया और अन्नू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।
हत्या के बाद खुद ही अस्पताल पहुंचे आरोपी
वारदात के बाद आरोपी घबराए जरूर, लेकिन फरार होने के बजाय घायल अन्नू को खुद जयपुरिया अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन सुबह करीब 5:30 बजे उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल से सूचना मिलते ही मानसरोवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है। घटनास्थल से भी साक्ष्य जुटाए गए हैं।
भरतपुर ओपन जेल से फरार होकर पहुंचे थे आरोपी
जांच में सामने आया कि आरोपी कुलदीप और कुल्लू गुर्जर हत्या के दो मामलों में सजा काट रहे हैं। दोनों भरतपुर ओपन जेल में बंद थे। इनके खिलाफ जयपुर शहर के चर्चित गोल्डी मर्डर केस और लालकोठी थाना क्षेत्र में पाकिस्तानी नागरिक हकरुल्ला की जेल में हत्या के मामले दर्ज हैं।
तीसरा आरोपी राजेश गुर्जर भी हिण्डौन सिटी के रेप केस में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी ओपन जेल से फरार होकर अपने पुराने साथियों के साथ जयपुर में बर्थडे पार्टी मनाने आए थे।
मृतक भी था आरोपियों का रिश्तेदार
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक अन्नू गुर्जर, सजायाफ्ता कैदी कुलदीप और कुल्लू गुर्जर के मामा का लड़का था। यानी जिन लोगों के साथ वह जन्मदिन का जश्न मना रहा था, उन्हीं ने विवाद के बाद उसकी जान ले ली।
वारदात के समय अनुज गुर्जर, आकाश गुर्जर, हन्नी गुर्जर, गजेन्द्र गुर्जर, क्षेत्रपाल गुर्जर समेत अन्य साथी भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस ने आठ लोगों को राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी है।
डीसीपी बोले- जल्द होगा पूरे मामले का खुलासा
डीसीपी (साउथ) राजर्षिराज वर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में लड़की को थप्पड़ मारने के बाद विवाद होने की बात सामने आई है। हत्या में शामिल सभी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। साथ ही भरतपुर ओपन जेल से फरार होने के मामले में भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के सामने कई सवाल
इस वारदात ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हत्या जैसे संगीन मामलों में सजायाफ्ता कैदी ओपन जेल से निकलकर जयपुर तक कैसे पहुंच गए? क्या जेल प्रशासन को इसकी भनक नहीं लगी? राजधानी के बीचोंबीच क्लब में देर रात अपराधियों की मौजूदगी और फिर खूनी वारदात ने कानून-व्यवस्था और ओपन जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब हत्या के साथ-साथ फरार कैदियों के पूरे नेटवर्क और उनकी गतिविधियों की भी गहन जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


