भीलवाड़ा में देर रात घरों पर पत्थरबाजी से दहशत, एक दर्जन मकान बने निशाना; बदमाश फरार

Sachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, भीलवाड़ा
share

राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में रविवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक साथ कई घरों पर पत्थरबाजी कर इलाके में दहशत फैला दी।

भीलवाड़ा में देर रात घरों पर पत्थरबाजी से दहशत, एक दर्जन मकान बने निशाना; बदमाश फरार

राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में रविवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक साथ कई घरों पर पत्थरबाजी कर इलाके में दहशत फैला दी। कोतवाली थाना क्षेत्र के भोपालपुरा इलाके में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बन गया। देर रात अचानक छतों और शेड पर गिरते पत्थरों की आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक दर्जन से ज्यादा मकानों को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार घटना भोपालपुरा इलाके में खेड़ा खूंट माताजी मंदिर के पास की बताई जा रही है। रविवार देर रात अचानक कई घरों की छतों और लोहे के शेड पर पत्थर गिरने लगे। शुरुआत में लोगों को लगा कि कोई शरारत कर रहा है, लेकिन कुछ ही मिनटों में आसपास के करीब एक दर्जन मकानों को निशाना बनाया गया।

लगातार पत्थर गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई परिवारों के सदस्य घबराकर घरों से बाहर निकल आए और आसपास के लोगों को आवाज देकर बुलाया। पत्थरों के गिरने से कुछ घरों के टीन शेड और छतों पर नुकसान भी होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

छत पर मौजूद बेटी को तुरंत नीचे बुलाया

घटना के दौरान भोपालपुरा निवासी रतनलाल खटीक ने बताया कि वे उस समय घर के अंदर काम कर रहे थे। अचानक घर के पीछे की तरफ से छत पर पत्थर गिरने की आवाज आने लगी।

उन्होंने बताया कि उस समय उनकी बेटी छत पर मौजूद थी। पत्थर गिरते देख उन्होंने तुरंत उसे नीचे बुलाया। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग बुरी तरह घबरा गए। आसपास के लोग भी आवाज सुनकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और मोहल्ले में भीड़ जुट गई।

अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए बदमाश

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पत्थरबाजी की घटना कुछ ही मिनटों में हुई, लेकिन बदमाशों ने बड़ी तेजी से कई घरों को निशाना बनाया। जब तक लोग बाहर निकलकर आसपास तलाश करते, तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो चुके थे।

मोहल्ले के लोगों ने आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन किसी संदिग्ध व्यक्ति का पता नहीं चल सका। स्थानीय लोगों ने बताया कि पास ही स्थित एक कारखाने के शेड पर भी काफी संख्या में पत्थर पड़े हुए मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि वहीं से पत्थर फेंके गए होंगे।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पत्थरबाजी के पीछे किसका हाथ है और इसके पीछे क्या कारण रहा। पुलिस इस घटना को शरारती तत्वों की करतूत मानकर भी जांच कर रही है, वहीं इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।

पुलिस पहुंची मौके पर, शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि पत्थर फेंकने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही आसपास के संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद बढ़ा आक्रोश, कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने इस घटना को गंभीर बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह देर रात घरों पर पत्थर फेंककर दहशत फैलाने की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

घटना के बाद कुछ पीड़ित परिवार देर रात कोतवाली थाने भी पहुंचे, जहां उन्होंने मामले की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी हुई है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो और लोगों में फैली दहशत को कम किया जा सके।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।