अप्सरा जैसी पत्नी और हूर की चाह में जोधपुर में मासूम की बलि; तांत्रिक के उकसावे में हत्या
राजस्थान के पाली जिले के सोजत क्षेत्र के एक गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 11 वर्षीय मासूम की कथित रूप से नरबलि दे दी गई। पुलिस ने मामले में आरोपी शेरू खान मोयला को गिरफ्तार कर लिया है।

राजस्थान के पाली जिले के सोजत क्षेत्र के एक गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 11 वर्षीय मासूम की कथित रूप से नरबलि दे दी गई। पुलिस ने मामले में आरोपी शेरू खान मोयला को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने यह जघन्य अपराध तांत्रिकों के उकसावे में आकर किया।
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस के अनुसार, घटना 14 मई की रात की है। आरोपी को उसी रात हिरासत में ले लिया गया था, लेकिन वह पूछताछ के दौरान लगातार अपने बयान बदलता रहा। हालांकि लंबी पूछताछ के बाद उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
अंधविश्वास बना वजह
आरोपी ने बताया कि वह ‘अप्सरा जैसी सुंदर पत्नी’ पाने और जन्नत में ‘हूर’ हासिल करने की चाहत रखता था। इसी लालच में वह तांत्रिकों और मौलवियों के संपर्क में आया, जिन्होंने उसे पहले पशु बलि और बाद में नरबलि देने की सलाह दी।
पहले भी बना चुका था प्लान
आरोपी ने खुलासा किया कि वारदात से तीन दिन पहले उसने एक अन्य बच्चे को अगवा करने की कोशिश की थी, लेकिन वह बच्चा भागने में सफल रहा। इसके बाद उसने गांव के कई बच्चों की रेकी की और मौके की तलाश में रहा।
वारदात की तैयारी
घटना वाले दिन शाम को उसने तालाब की पाल पर पहले से ही बलि की पूरी तैयारी कर रखी थी। वहां लकड़ी, मटका, लाल कपड़ा, अगरबत्ती और मौली जैसी सामग्री रखी गई थी।
मासूम को बहला-फुसलाकर ले गया
इसके बाद आरोपी गांव लौटा और घर जा रहे एक मासूम बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। वह उसे सुनसान स्थान पर ले गया, जहां कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी।
पोस्टमॉर्टम में खुलासा
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे की गर्दन पर करीब पांच इंच लंबा और तीन इंच गहरा घाव पाया गया, जिससे घटना की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
परिजनों को गुमराह करने की कोशिश
घटना के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए चालाकी दिखाते हुए बच्चे के परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की। उसने परिजनों को बताया कि दो अज्ञात लोगों ने तलवार से बच्चे की हत्या कर दी।
पुलिस की सतर्कता से पकड़ा गया
पुलिस को उसकी बातों पर संदेह हुआ और जांच के दौरान सच्चाई सामने आने लगी। जब पुलिस उसके घर पहुंची, तब वह कपड़े बदलकर भागने की तैयारी में था, लेकिन समय रहते उसे पकड़ लिया गया।
पत्नी ने पहले ही छोड़ा साथ
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी की पत्नी उसे पहले ही छोड़ चुकी है। करीब डेढ़ साल पहले आरोपी ने एक भैंस के पाड़े की गर्दन काट दी थी, जिसके बाद उसकी पत्नी ने उससे तलाक ले लिया था।
आपराधिक पृष्ठभूमि भी सामने आई
इसके अलावा आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसमें चोरी जैसी घटनाएं शामिल हैं, जिससे उसके आपराधिक व्यवहार का संकेत मिलता है।
तांत्रिकों की तलाश जारी
सोजत सीओ रतन देवासी ने बताया कि आरोपी बार-बार बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अब तक की जांच में यह स्पष्ट है कि उसने किसी तांत्रिक के प्रभाव में आकर यह अपराध किया। पुलिस अब उन तांत्रिकों और मौलवियों की तलाश कर रही है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


