अलवर पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, पाकिस्तान से आया ई-मेल; मचा हड़कंप, सर्च ऑपरेशन शुरू
अलवर शहर में अट्टा मंदिर के सामने स्थित प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मंगलवार को हड़कंप मच गया। डाकघर को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया।

अलवर शहर में अट्टा मंदिर के सामने स्थित प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मंगलवार को हड़कंप मच गया। डाकघर को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया और मुख्य गेट बंद कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने परिसर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
दोपहर 12:30 बजे आया धमकी भरा मेल
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे प्रधान डाकघर के ई-मेल पर धमकी भरा संदेश आया। मेल में डाकघर को बम से उड़ाने की तैयारी होने की बात लिखी गई थी। मेल मिलने के बाद डाकघर के कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को खाली करवा दिया गया।
70 कर्मचारी और 30 ग्राहक थे मौजूद
घटना के समय डाकघर के अंदर करीब 70 से अधिक कर्मचारी मौजूद थे, जबकि करीब 30 ग्राहक भी अपने काम के लिए पहुंचे हुए थे। पुलिस ने सभी कर्मचारियों और ग्राहकों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। इसके बाद मुख्य गेट को बंद कर दिया गया और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस और बम निरोधक दस्ता पूरे परिसर की जांच में जुट गया।
मेल के बाद कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी
डाकघर के अंदर काम कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि ई-मेल के जरिए धमकी मिली है कि प्रधान डाकघर कार्यालय अलवर को बम से उड़ाने की पूरी तैयारी हो चुकी है। मेल आने के बाद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद प्रशासन और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस टीम
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद करीब सवा बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले डाकघर के अंदर मौजूद सभी लोगों को बाहर निकाला और परिसर को खाली कराया। इसके बाद बम निरोधक दस्ता भी मौके पर बुलाया गया और पूरे परिसर की जांच शुरू की गई।
डाककर्मी की सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई
एसआई ओमप्रकाश ने बताया कि डाककर्मी कमलेश पांचाल की ओर से सूचना दी गई थी कि मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी का ई-मेल आया है। सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर को खाली करा दिया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया और सर्च अभियान शुरू किया गया।
पाकिस्तान से आने की बात, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, जिस ई-मेल के जरिए धमकी दी गई है, उसके पाकिस्तान से आने की बात सामने आई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां मेल की तकनीकी जांच कर रही हैं।
जांच पूरी होने के बाद ही मिलेगा प्रवेश
डाकघर परिसर में जांच पूरी होने के बाद ही कर्मचारियों और आम लोगों को अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और ई-मेल की सत्यता तथा उसके स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


