अलवर में मां ने 4 साल की बेटी का गला घोंटा, खुद भी जान देने की कोशिश

Sachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share

राजस्थान के अलवर जिले में शुक्रवार सुबह एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। राजगढ़ थाना क्षेत्र के पुराना राजगढ़ इलाके में एक मां ने अपनी ही 4 साल की मासूम बेटी की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी।

अलवर में मां ने 4 साल की बेटी का गला घोंटा, खुद भी जान देने की कोशिश

राजस्थान के अलवर जिले में शुक्रवार सुबह एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। राजगढ़ थाना क्षेत्र के पुराना राजगढ़ इलाके में एक मां ने अपनी ही 4 साल की मासूम बेटी की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला ने खुद भी ब्लेड से अपने हाथों की नसें काटकर सुसाइड का प्रयास किया। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

सुबह स्कूल भेजने के दौरान खुला राज

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब बच्ची के पिता संतोष (27) सुबह करीब 7 बजे अपनी बेटी गरिमा (4) को स्कूल भेजने के लिए कमरे में पहुंचे। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, उन्हें कुछ अजीब लगा। बेटा सामान्य अवस्था में था, लेकिन जब बेटी को उठाने की कोशिश की गई तो वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी। घबराए परिजन तुरंत उसे राजगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

मां मिली बेहोश, नसें कटी हुई

इस बीच घर में मौजूद संतोष की पत्नी शीला (25) को देखा गया तो वह बेहोशी की हालत में पड़ी थी। उसके दोनों हाथों की नसें ब्लेड से कटी हुई थीं। परिजनों ने तुरंत गांव के लोगों की मदद से उसे भी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बच्ची के गले पर मिले रस्सी के निशान

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मासूम गरिमा के गले पर रस्सी के स्पष्ट निशान मिले हैं, जिससे यह साफ हो रहा है कि उसकी हत्या गला घोंटकर की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि एक मां अपनी ही बेटी के साथ ऐसा खौफनाक कदम उठा सकती है।

परिवार और पड़ोसियों से पूछताछ जारी

मृतका के ताऊ नीरज सैनी (30) ने बताया कि सुबह का समय सामान्य था और किसी प्रकार के विवाद की जानकारी नहीं थी। घटना के बाद परिवार पूरी तरह सदमे में है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों व परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

राजगढ़ थाना प्रभारी राजेश मीणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या के बाद आत्महत्या के प्रयास का लग रहा है। महिला के होश में आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

क्यों उठाया खौफनाक कदम? बना हुआ है रहस्य

इस दिल दहला देने वाली घटना के पीछे के कारण अब तक सामने नहीं आ सके हैं। न तो पारिवारिक विवाद की पुष्टि हुई है और न ही किसी अन्य वजह का खुलासा हो पाया है। पुलिस का कहना है कि महिला के बयान के बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठ सकेगा कि आखिर उसने अपनी ही बेटी की हत्या जैसा कदम क्यों उठाया।

इलाके में पसरा मातम, हर कोई सन्न

घटना के बाद पुराना राजगढ़ इलाके में मातम पसरा हुआ है। चार साल की मासूम की दर्दनाक मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है। गांव के लोग इस वारदात को लेकर हैरान हैं और महिला के इस कदम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।