आज 6 जिलों में बारिश का अलर्ट, कल से बदलेगा मौसम का मिजाज: राजस्थान में मानसून पड़ेगा सुस्त

लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
Follow us on Google News
share

मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ते ही प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान फिर चढ़ने लगा है। श्रीगंगानगर में गुरुवार को प्रदेश का सबसे अधिक 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा चूरू, जयपुर, अलवर और चित्तौड़गढ़ समेत कई शहरों में भी तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया।

आज 6 जिलों में बारिश का अलर्ट, कल से बदलेगा मौसम का मिजाज: राजस्थान में मानसून पड़ेगा सुस्त

राजस्थान में मानसून की दस्तक तो अब लगभग पूरे प्रदेश में हो चुकी है, लेकिन इसकी रफ्तार फिलहाल उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही। गुरुवार को बीकानेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और फलोदी क्षेत्र में मानसून की एंट्री हुई, लेकिन इसका असर बेहद सीमित रहा। हनुमानगढ़ को छोड़ दें तो अधिकांश इलाकों में बादल तो आए, लेकिन बारिश नहीं हुई। वहीं पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अब मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए 6 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 11 जुलाई से मानसून के कमजोर पड़ने के संकेत मिल रहे हैं।

11 जुलाई से एक हफ्ते का ‘ब्रेक’, बारिश की रफ्तार होगी धीमी

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय मानसूनी सिस्टम अब कमजोर पड़ने लगा है। 11 जुलाई से राजस्थान में मानसून का कमजोर फेज शुरू होने की संभावना है, जो करीब एक सप्ताह तक रह सकता है। इसका मतलब यह है कि अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की घटनाएं कम होंगी और अधिकांश जिलों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना रह सकता है। ऐसे में किसानों और आम लोगों को फिलहाल तेज बारिश के बजाय उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

आज इन 6 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य रहने और बारिश की गतिविधियां सीमित रहने का अनुमान है।

अजमेर सबसे ज्यादा भीगा, कई जिलों में हल्की बरसात

पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक बारिश अजमेर जिले के केकड़ी में 49 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा बारां के अंता में 28 मिमी, करौली के सूरोठ में 24 मिमी, चूरू के सिद्धमुख में 20 मिमी, करौली के मासलपुर में 10 मिमी और झुंझुनूं के पिलानी में 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं हनुमानगढ़, जालौर, भीलवाड़ा, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, कोटा और सीकर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई।

बारिश थमी तो फिर बढ़ी गर्मी, श्रीगंगानगर में 42.5 डिग्री

मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ते ही प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान फिर चढ़ने लगा है। श्रीगंगानगर में गुरुवार को प्रदेश का सबसे अधिक 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा चूरू, जयपुर, अलवर और चित्तौड़गढ़ समेत कई शहरों में भी तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया। जुलाई जैसे मानसूनी महीने में भी 40 डिग्री से अधिक तापमान लोगों को परेशान कर रहा है।

जयपुर में धूप-उमस का असर, बादल आए लेकिन नहीं बरसे

राजधानी जयपुर में गुरुवार को दिनभर मौसम साफ बना रहा। कुछ समय के लिए बादल जरूर छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई और तेज धूप निकलने से उमस बढ़ गई। शहर का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई।

अलवर, उदयपुर और सीकर में भी बारिश ने किया इंतजार

अलवर में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। एक दिन पहले हुई अच्छी बारिश के बाद लोगों को उम्मीद थी कि गुरुवार को भी राहत मिलेगी, लेकिन उमस ने परेशान किया। यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहा।

उदयपुर में यलो अलर्ट के बावजूद पूरे दिन बारिश नहीं हुई। सुबह बादल छाए, लेकिन बाद में तेज धूप निकल आई। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सीकर में भी तेज धूप और उमस का असर बना रहा। शाम को हल्के बादल और हवा चलने से थोड़ी राहत मिली। यहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

जोधपुर और कोटा में बादलों की आवाजाही, राहत बरकरार

जोधपुर में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कोटा में भी बादलों के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून दोबारा सक्रिय होने पर इन इलाकों में बारिश की संभावना बढ़ सकती है।

फिलहाल राहत कम, उमस ज्यादा

मौसम के मौजूदा रुख को देखें तो राजस्थान में फिलहाल मानसून की रफ्तार धीमी पड़ती नजर आ रही है। अगले कुछ दिनों तक कहीं-कहीं हल्की बारिश जरूर हो सकती है, लेकिन व्यापक और तेज बारिश की संभावना कम है। ऐसे में बारिश के इंतजार के साथ लोगों को गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ेगा। जुलाई के दूसरे सप्ताह में भी तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचना यही संकेत दे रहा है कि मानसून अभी पूरी तरह मेहरबान होने के मूड में नहीं है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।