जयपुर निकाय चुनाव में BJP ने 8 मुस्लिम उम्मीदवारों पर खेला दांव; क्या हैं वजहें?
BJP ने बीते विधानसभा और लोकसभा चुनावों के उलट जयपुर नगर निगम चुनाव में 8 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया है। पार्टी विकास योजनाओं के दम पर जीत की उम्मीद जता रही है जबकि कांग्रेस इसे छवि सुधारने की कोशिश मान रही है।

BJP ने 2023 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनावों से उलट जयपुर नगर निगम चुनाव में 8 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देकर सियासत के जानकारों को चौंका दिया है। भाजपा के इस कदम के पीछे तमाम कयास लगाए जा रहे हैं। सियासत के दिग्गज इस रणनीति के पीछे अलग-अलग वजहें बता रहे हैं। यह प्रयोग कितना सफल होगा ये तो चुनावी नतीजे ही बताएंगे लेकिन इस कदम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए मतदान 9 और 11 सितंबर को होगा जबकि नतीजे 14 सितंबर को आएंगे। मेयर का चुनाव एक हफ्ते बाद होगा।
किन्हें कहां से मैदान में उतारा?
भाजपा ने जयपुर नगर निगम चुनाव में वार्ड 117 से शबाब जहां, वार्ड 146 से अफसाना, वार्ड 136 से मिजान मिर्जा, वार्ड 137 से रईस मंसूरी, 128 से माजिद पठान, 113 से फरीदुद्दीन, 109 से जाकिर खान और वार्ड 19 से शाहनवाज अंसारी को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने शबाब जहां को नवंबर 2020 के नगर निकाय चुनावों में मौका दिया था लेकिन वह हार गई थीं। अब उन्हें दोबारा मौका दिया गया है।
भाजपा को यकीन मुस्लिम उसे करेंगे वोट
'द इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा को उम्मीद है कि मुसलमान विकास के लिए उसको वोट करेंगे। भाजपा प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने कहा कि हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे क्योंकि मुसलमान विकास के लिए भाजपा को वोट जरूर करेंगे। भाजपा को अपनी कोशिशों पर भरोसा है।
वोटर्स की बनावट पर भी किया गौर
भाजपा प्रवक्ता रामलाल शर्मा पार्टी की ओर से अपनाई गई रणनीति के पीछे वोटर्स के पैटर्न को भी वजह के तौर पर गिनाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि उम्मीदवारों के नाम फाइनल करने से पहले वोटर्स की बनावट और उनकी संख्या पर गौर किया गया।
अल्पसंख्यक समुदाय का समर्थन पाने से जूझती रही है BJP
हालांकि यह एक कड़वी सच्चाई है कि भाजपा को अल्पसंख्यक समुदाय का समर्थन पाने में मुश्किलें होती रही हैं। शबाब जहां ने कहा कि मैं 15 साल से भाजपा से जुड़ी हूं। मैंने इस इलाके में काफी काम किया है। इस चुनाव में मेरा मुद्दा वार्ड में सिविक इंफ्रास्ट्रक्चर होगा। हाथी गांव में बीजेपी के माइनॉरिटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष अब्दुल अजीज की पत्नी शबाब जहां ने कहा कि मुसलमानों को प्रधानमंत्री मोदी से कोई दिक्कत नहीं है।
छवि बदलने की कोशिश
BJP कंडिडेट माजिद पठान ने कहा कि मुसलमान भाजपा को वोट क्यों नहीं देंगे जिसने उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना जैसी लोक कल्याणकारी योजनाएं दी हैं। इन योजनाओं से लोगों को फायदा हुआ है। हम स्थानीय मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे। वहीं एक कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा मुस्लिम समुदाय में अपनी छवि बदलने की कोशिश कर रही है।


