Hindi Newsराजस्थान न्यूज़हनुमानगढ़hanumangarh lathicharge dispute tension rises mla rupinder singh kunnar arrested
हनुमानगढ़ में लाठीचार्ज विवाद में तनाव चरम पर, विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर गिरफ्तार

हनुमानगढ़ में लाठीचार्ज विवाद में तनाव चरम पर, विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर गिरफ्तार

संक्षेप:

हनुमानगढ़ जिले के राठीखेड़ा गांव में किसानों पर हुए कथित लाठीचार्ज के खिलाफ शुरू हुआ विरोध अब तेज़ होता जा रहा है। मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष और करणपुर विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर (रूबी कुन्नर) ने किसानों के साथ पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार मोर्चा खोल दिया।

Dec 11, 2025 01:42 pm ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, हनुमानगढ़
share Share
Follow Us on

हनुमानगढ़ जिले के राठीखेड़ा गांव में किसानों पर हुए कथित लाठीचार्ज के खिलाफ शुरू हुआ विरोध अब तेज़ होता जा रहा है। मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष और करणपुर विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर (रूबी कुन्नर) ने किसानों के साथ पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में वाहनों के काफिले के साथ विधायक कुन्नर सुबह श्रीगंगानगर से राठीखेड़ा की ओर रवाना हुए। उनके साथ कांग्रेस पदाधिकारियों, किसान संगठनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौजूद रही।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

जैसे ही यह काफिला बीझबायला क्षेत्र के घमुड़वाली पहुंचा, वहां तैनात भारी पुलिस जाप्ते ने रास्ता रोक दिया। प्रशासन ने पहले ही मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग कर रखी थी, ताकि भीड़ राठीखेड़ा की ओर आगे न बढ़ सके। पुलिस अधिकारियों ने विधायक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

स्थिति तब बिगड़ गई जब किसानों और उनके साथ चल रहे समर्थकों ने बैरिकेड धक्का देकर तोड़ना शुरू कर दिया। विधायक कुन्नर स्वयं आगे बढ़े और भीड़ को आगे बढ़ने का संकेत दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की। कुछ मिनटों तक रास्ते पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। भीड़ लगातार आगे बढ़ने का प्रयास करती रही जबकि पुलिस उन्हें रोकने में जुटी रही।

स्थिति को नियंत्रण से बाहर जाता देख पुलिस ने शांति भंग के आरोप में विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें औपचारिक तौर पर गिरफ्तार किया गया। उनकी गिरफ्तारी के साथ ही भीड़ में तनाव और नाराज़गी बढ़ गई। समर्थकों ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए फिर से नारेबाजी शुरू की और कार्रवाई की कड़ी आलोचना की।

घटना स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन पहले ही हालात बिगड़ने की आशंका के चलते अलर्ट था। राठीखेड़ा में हुए लाठीचार्ज के बाद से ही किसान संगठनों में नाराज़गी बनी हुई है और जिले में हालात संवेदनशील बने हुए हैं।

विधायक की गिरफ्तारी के बाद किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि जब तक राठीखेड़ा लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और किसानों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस नहीं लिया जाता, विरोध जारी रहेगा।

राठीखेड़ा में दो दिन पहले हुए लाठीचार्ज ने पूरे क्षेत्र की राजनीति को गरमा दिया है। अब विधायक की गिरफ्तारी से यह मुद्दा और बड़ा हो गया है। जिला प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है, जबकि किसान संगठन अगले कदम की रणनीति तैयार कर रहे हैं।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma
इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में पिछले 5 साल का अनुभव है। लाइव हिंदुस्तान से पहले, जी राजस्थान, महानगर टाइम्समें सेवा दे चुके हैं। राजस्थान विश्विद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। गुलाबी नगरी जयपुर में ही जन्म हुआ। राजस्थान की राजनीति और समृद्ध कला, संस्कृति पर लिखना पसंद है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।