राजस्थान में एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर किसानों ने की आगजनी और तोड़फोड़, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले
प्रदर्शन ने हिंसक रूप धारण कर लिया है। किसानों ने फैक्ट्री समेत कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया है। इसके अलावा गाड़ियों और जेसीबी मशीन में तोड़फोड़ करने का मामला भी सामने आया है।

राजस्थान के हनुमानगढ़ से एथेनॉल फैक्ट्री में निर्माण मामले को लेकर किसानों का हिंसक विरोध प्रदर्शन सामने आया है। किसानों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया और कारखाने की चारदीवारी के एक हिस्से को गिरा दिया। इसके अलावा गाड़ियों और जेसीबी मशीन में तोड़फोड़ करने का मामला भी सामने आया है। पुलिस ने उग्र हो चुके किसानों को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। इसके अलावा भीड़ को भगाने के लिए लाठी चार्ज भी की गई।
हनुमानगढ़ के टिब्बी में करीब 450 करोड़ रुपयों की लागत से एथेनॉल की फैक्ट्री बन रही है। इसके निर्माण कार्य को लेकर लंबे समय से किसानों और स्थानीय लोगों द्वारा आपत्ति दर्ज की जा रही है। आज दिन में किसानों ने महापंचायत की थी। इसके बाद ट्रैक्टर पर बैठकर फैक्ट्री की तरफ पहुंचे थे। लेकिन, इस बीच वहां तैनात सुरक्षा बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की और मामला तनाव में बदल गया। आमने सामने के टकराव में काफी गाड़ियां आग की भेंट चढ़ गईं। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक अभिमन्यु पूनिया को भी चोटें आई हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, किसानों ने 10 कारों और 1 जेसीबी मशीन को आग के हवाले कर दिया गया है। इसके अलावा 3 जेसीबी मशीनों और 2 गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई है। पुलिस ने भीड़ को भगाने और खुद के बचाव के लिए रबर की गोलियों, लाठियों और आंसू गैस के गोले का इस्तेमाल किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं तस्वीरों-वीडियो में कुछ कारें पूरी तरह जली दिखाई दे रही हैं, जिनमें लगी आग को पुलिसकर्मी बुझाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने इलाके में शांति बहाली के मद्देनजर स्कूल कॉलेज को बंद करने का आदेश दिया है।
किसानों का कहना है कि इस कारखाने से इलाके में प्रदूषण बढ़ेगा। वे कई दिनों से इस संयंत्र का विरोध कर रहे हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई की निंदा की। गहलोत ने 'एक्स' पर लिखा, 'भाजपा सरकार को किसानों से इतनी नफरत क्यों है? किसानों की आवाज को कांग्रेस हमेशा निडरता से उठाती रहेगी।'
जूली ने लिखा, ‘भाजपा सरकार का यह किसान विरोधी चेहरा अब बेनकाब हो चुका है। हम इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेंगे।’ वहीं पायलट ने कहा कि संगरिया से विधायक पूनिया आज टिब्बी किसान महापंचायत में सम्मिलित हुए थे और किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग में चोटिल हो गए। उन्होंने लिखा,'हम किसानों के अधिकारों और न्याय की लड़ाई में उनका साथ देते रहेंगे।'
लेखक के बारे में
Ratan Guptaरतन गुप्ता एक डिजिटल हिंदी जर्नलिस्ट/ कॉन्टेंट प्रोड्यूसर हैं। वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान की स्टेट न्यूज टीम के साथ काम कर रहे हैं। वह क्राइम, राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर न्यूज आर्टिकल और एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखते हैं।
रतन गुप्ता वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर स्टेट न्यूज टीम में काम करते हैं। इस टीम में हिंदी पट्टी के 8 राज्यों दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात से जुड़ी खबरों की कवरेज करते हैं। उनका लेखन खास तौर से क्राइम, राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित रहता है।
लाइव हिंदुस्तान में बीते 2 साल से काम करते हुए रतन ने ब्रेकिंग न्यूज, राजनीतिक घटनाक्रम और कानून-व्यवस्था से जुड़ी खबरों पर लगातार लेखन किया है। इसके साथ ही वह एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं, जहां जटिल मुद्दों को सरल और तथ्यपरक भाषा में पाठकों के सामने रखते हैं।
रतन गुप्ता ने बायोलॉजी में ग्रेजुएशन किया है, जिसके बाद उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है। साइंस बैकग्राउंड होने के कारण उनकी न्यूज और एनालिसिस स्टोरी में साइंटिफिक टेंपरामेंट, लॉजिकल अप्रोच और फैक्ट-बेस्ड सोच साफ दिखाई देती है। वह किसी भी मुद्दे पर रिपोर्टिंग करते समय दोनों पक्षों की बात, मौजूद तथ्यों और आधिकारिक स्रोतों को प्राथमिकता देते हैं, ताकि यूजर तक संतुलित और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे।
इसके साथ ही आईआईएमसी की एकेडमिक पढ़ाई ने उन्हें रिपोर्टिंग, न्यूज प्रोडक्शन, मीडिया एथिक्स और पब्लिक अफेयर्स की गहरी समझ दी है। इसका सीधा असर उनके लेखन की विश्वसनीयता और संतुलन में दिखाई देता है।
और पढ़ें

