कमरे में मिली दंपति की लाश, पास पड़े थे जादू-टोना के सामान; पुलिस को कुछ और संदेह
राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक दंपति की लाश उनके घर में मिली। लाशों के आसपास जादू-टोने से जुड़े सामान पड़े थे। दंपति के बेटे ने मामले की गहन जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस कुछ और ही संदेह जता रही है।

राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक दंपति की लाश उनके घर में मिली। लाशों के आसपास जादू-टोने से जुड़े सामान पड़े थे। दंपति के बेटे ने मामले की गहन जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस कुछ और ही अंदेशा जता रही है।
एक अधिकारी ने बताया कि रविवार सुबह रामलीला मैदान के पास शहीद नगर कॉलोनी में एक दंपति अपने घर में रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाए गए। पुलिस को अंगीठी के धुएं के कारण दम घुटने का संदेह है, लेकिन परिवार ने घटना पर संदेह जताते हुए हुए गहन जांच की मांग की है। मृतकों की पहचान 53 साल के घेवरदास और 48 साल की उनकी पत्नी इंद्रा देवी के रूप में हुई है।
पास में ही रहने वाले मृतक दंपति के बेटे प्रकाश ने बताया कि उसने अपने माता-पिता को बार-बार फोन किया। कोई जवाब नहीं मिलने जब वह उनके घर पहुंचा तो घटना का पता चला। प्रकाश और पड़ोसियों ने कहा कि कमरे में नींबू, पानी का एक बर्तन, अगरबत्ती, काला धागा, लाल और पीला धागा (मोली) और सिन्दूर से भरी थाली जैसे सामान थीं। इन सामानों ने उनकी चिंताएं बढ़ा दी हैं। प्रकाश ने पुलिस को यह भी बताया कि जब वह पहुंचा तो उसके माता-पिता के कमरे में अंगीठी नहीं जल रही थी।
बेटे ने बताया कि जब उसके माता-पिता ने उसकी कॉल का जवाब नहीं दिया तो वह छत पर चढ़कर दूसरे दरवाजे से उनके घर में घुस गया। उसने अपने माता-पिता को बेहोश पाया। उनके साथ उसके चाचा सुंदरदास भी सो रहे थे। उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ था। एक अधिकारी के अनुसार प्रकाश और सुंदरदास दंपति को बांगड़ अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रकाश ने कहा कि अगर अंगीठी के धुएं से उनके माता-पिता की मौत हुई है तो उसके चाचा कैसे सुरक्षित रहे? सच सामने आना चाहिए। हम मामले में गहन जांच चाहते हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी किशोर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अंगीठी के धुएं से दंपति का दम घुट गया होगा। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गयाहै। रिपोर्ट आने पर मौत के कारण की पुष्टि करेगी। हालांकि यह एक दुर्घटना प्रतीत होती है। हम सभी एंगल से जांच कर रहे हैं।