
गौशालाओं के लिए बढ़ाई मदद, बैल पालने वालों को भी पैसे; राजस्थान सीएम ने गिनाए काम
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का कहना है कि उनकी सरकार गौ संरक्षण की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार ने रजिस्टर्ड गौशालाओं के लिए दैनिक अनुदान बढ़ा दिया है। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार गौ संरक्षण की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार ने रजिस्टर्ड गौशालाओं के लिए दैनिक अनुदान बढ़ा दिया है। इसमें 50 रुपये प्रति गाय और 25 रुपये प्रति बछड़ा अनुदान करना शामिल है। डीग जिले के श्री जड़खोर गौ-धाम में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि 2025-26 के राज्य बजट में खेती के लिए बैलों रखने वाले छोटे और सीमांत किसानों के लिए प्रोत्साहन के रूप में सालाना 30,000 रुपये का प्रावधान भी किया है।

गौशालाओं के लिए बढ़ाई सब्सिडी
सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने रजिस्टर्ड गौशालाओं के लिए गायों पर मिलने वाली दैनिक सब्सिडी यानी अनुदान को बढ़ा दिया गया है।
1- प्रति गाय के लिए यह अनुदान अब 50 रुपया प्रतिदिन होगा।
2- प्रति बछड़ा/बछिया के लिए यह अनुदान 25 रुपया प्रतिदिन होगा।
बैल रखने वाले किसानों को भी पैसे
सीएम के अनुसार, राज्य के बजट 2025-26 में उन छोटे और सीमांत किसानों के लिए 30 हजार सालाना प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है जो खेती के लिए बैलों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
सनातन का हो रहा पुनरुत्थान
डीग जिले के श्री जड़खोर गौ-धाम में श्री कृष्ण बलराम गौ-आराधन महोत्सव को संबोधित करते हुए CM भजनलाल शर्मा ने अयोध्या में श्री राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल कॉरिडोर के निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन के साथ देश भर में सनातन संस्कृति का पुनरुत्थान हो रहा है।
धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आगे कहा कि राजस्थान सरकार ने भी प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास के लिए प्रावधान किए हैं। इन धार्मिक स्थलों खाटूश्यामजी मंदिर और पूंछरी का लोटा शामिल हैं। भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़े स्थलों को भी 'श्री कृष्ण गमन पथ' परियोजना के तहत विकसित किया जा रहा है।





