
बहन-बेटियों को बहलाने-फुसलाने वालों को ठीक कर दिया, अब वो सलाखों के पीछे रहेंगे- CM भजनलाल
उन्होंने धर्म परिवर्तन बिल पर बोलते हुए महिलाओं और बहन-बेटियों के साथ धोखाधड़ी करने वालों को चेताते हुए सख्त संदेश दिया। इसके अलावा नशे से दूर रहने के लिए युवाओं को शपथ भी दिलाई, ताकि देश को विकसित किया जा सके।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नशा मुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम में बोलते हुए कहा, बहन-बेटियों को बहलाने-फुसलाने वालों को ठीक कर दिया है। सीएम भजनलाल शर्मा एक दिन के सीकर दौरे पर हैं। उन्होंने धर्म परिवर्तन बिल पर बोलते हुए महिलाओं और बहन-बेटियों के साथ धोखाधड़ी करने वालों को चेताते हुए सख्त संदेश दिया। इसके अलावा नशे से दूर रहने के लिए युवाओं को शपथ भी दिलाई, ताकि देश को विकसित किया जा सके।
भजनलाल शर्मा ने कहा, विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन का जो बिल लेकर हम आए हैं, ये भी हमारे युवाओं में जोश भरने का काम करेगा। जो लोग धोखाधड़ी करके, बहला फुसलाकर हमारी बहन-बेटियों को अपने जाल में लेते थे, अब उनको भी हमने ठीक कर दिया है। हम धर्म परिवर्तन का बिल लेकर आए हैं, जिससे वो अब सलाखों के पीछे ही रहेंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, पूर्ववर्ती सरकार के शासनकाल में प्रदेश में नशा माफियाओं का बोलबाला था, जबकि हमारी सरकार ने नशे के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए मात्र 18 महीने में 6 हजार 608 मामले दर्ज किये और 7 हजार 835 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 4 हजार 700 किलो अफीम और 130 किलो हेरोइन भी जब्त की गई है। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार प्रदेश में नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
इस दौरान उन्होंने हजारों युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं का उत्सावर्धन करते हुए कहा कि बदलाव की शुरूआत स्वयं से होती है इसलिए हम नशामुक्त रहते हुए परिवार और समाज को भी इस बुराई से दूर रखें। इस चुनौती से निपटने के लिए हम सबको एकजुट होकर नशामुक्ति अभियान से जुड़ने का संकल्प लेना होगा।





