बीकानेर में लिव-इन पार्टनर की हत्या, आरोपी खुद पहुंचा थाने
बीकानेर जिले के खाजूवाला इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप का एक खौफनाक अंत सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी साथ रह रही महिला की हत्या कर दी और शव को जंगल में फेंकने के बाद खुद ही थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

बीकानेर जिले के खाजूवाला इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप का एक खौफनाक अंत सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी साथ रह रही महिला की हत्या कर दी और शव को जंगल में फेंकने के बाद खुद ही थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1:15 बजे 9 DWD गांव के पास जंगल में 35 वर्षीय जसवीर कौर का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई, जिसके कुछ ही समय बाद आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी सिंह खुद खाजूवाला थाने पहुंच गया और जुर्म कबूल कर लिया।
खुद थाने पहुंचकर कबूला जुर्म
खाजूवाला थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत ने बताया कि आरोपी हरप्रीत सिंह ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी है और शव चक 9 DWD में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हालांकि, मृतका के परिजनों ने हत्या में धारदार हथियार और लाठियों से पीट-पीटकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
लिव-इन में रह रही थी महिला
मृतका के भाई बलविंद्र सिंह ने बताया कि जसवीर कौर की शादी पहले 27 KYD गांव में हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद उसने अपने पति को छोड़ दिया और 8 DWD गांव निवासी हरप्रीत सिंह के साथ रहने लगी। दोनों पिछले करीब ढाई साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
इस दौरान करीब एक साल पहले जसवीर ने एक बेटे को जन्म दिया था। परिवार का आरोप है कि इस रिश्ते में लगातार तनाव बना हुआ था और आरोपी अक्सर महिला के साथ मारपीट करता था।
हत्या से पहले जताया था खतरा
घटना से एक दिन पहले जसवीर कौर ने अपने भाई को फोन कर अपनी जान को खतरा बताया था। उसने कहा था कि हरप्रीत उसके बेटे को उससे अलग कर चुका है और उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है।
भाई के अनुसार, जसवीर ने कहा था कि आरोपी बेटे को अपने पिता के पास छोड़ने गया है और वापस आकर कभी भी उसे मार सकता है। इस पर भाई ने उसे भरोसा दिलाया था कि वह अगले दिन आकर मामले को सुलझाएगा, लेकिन इससे पहले ही हत्या की खबर आ गई।
अज्ञात कॉल से मिली हत्या की सूचना
बलविंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसमें बताया गया कि हरप्रीत ने जसवीर की हत्या कर दी है। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
छोटे विवाद बने हत्या की वजह
परिजनों के अनुसार, जसवीर और हरप्रीत के बीच लंबे समय से छोटे-छोटे विवाद होते रहते थे, जो धीरे-धीरे गंभीर झगड़ों में बदल गए। आरोप है कि आरोपी अक्सर महिला को धमकाता था और मारपीट करता था। यही तनाव अंततः हत्या की वजह बना।
आर्थिक विवाद भी आया सामने
भाई ने यह भी बताया कि करीब 6 महीने पहले जसवीर ने उससे 30 हजार रुपए मांगे थे। उसने कहा था कि ईंट भट्टे पर काम शुरू करना है और ट्रैक्टर खरीदने की योजना है। इससे यह भी संकेत मिलता है कि दोनों के बीच आर्थिक मुद्दों को लेकर भी तनाव हो सकता था।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है, जिसमें हत्या के तरीके, वजह और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


