अशोक गहलोत क्यों करने लगे सीएम भजनलाल का धन्यवाद? फिर 2 बातों पर दे डाली सलाह
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बुजुर्ग महिला से बातचीत का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो पर रिएक्ट करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीएम को धन्यवाद कहा है। इसके साथ ही दो बातों पर सलाह भी दी। जानिए क्या है पूरा मामला।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने मौजूदा सीएम और भाजपा नेता भजनलाल शर्मा को धन्यवाद दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कमियां गिनाते हुए बुजुर्ग, दिव्यांग, विधवा और जरूरतमंदों के हित में काम करने से जुड़ी दो सलाह भी दे डाली। दरअसल, पूरा मामला सीएम भजनलाल के बुजुर्ग महिला से मिलकर हाल-चाल पूछने से शुरू हुआ है। अब समझिए आखिर क्या है पूरा मामला।
अशोक गहलोत ने सीएम भजनलाल का किया धन्यवाद
इस मुलाकात का वीडियो शेयर करते हुए अशोक गहलोत ने लिखा- 'मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का धन्यवाद, जो आप हमारी कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और उसके लाभ के बारे में एक बुजुर्ग महिला से चर्चा कर रहे हैं।' इसके बाद अशोक गहलोत ने दो बातों को लेकर सलाह दे डाली।
अशोक गहलोत ने किन 2 बातों पर सलाह दे डाली
- आपकी भाजपा सरकार कई-कई महीनों तक सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान नहीं कर पा रही है। इसे सुनिश्चित करें कि यह राशि हर महीने की एक तारीख को नियमित रूप से लाभार्थियों के बैंक खातों तक पहुंचे।
- केंद्र सरकार से मांग करें कि नेशनल सोशल असिस्टेंस प्रोग्राम (NSAP) के तहत मिलने वाली पेंशन राशि को 300 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह किया जाए और इसके लाभार्थियों की संख्या भी बढ़ाई जाए। इसमें केन्द्र और राज्य सरकार 50-50% हिस्सा दें।
CM भजनलाल और बुजुर्ग के बीच क्या बात हुई?
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुजुर्ग महिलाओं से मिलकर हाल-चाल पूछा। इसका एक वीडियो सामने आया है। सीएम भजनलाल बुजुर्ग महिला के साथ खाट पर बैठे हैं। वो महिला से पूछते हैं- पेंशन मिलती है कि नहीं मिलती है? इस पर महिला ने बताया- हां मिलती है। उन्होंने फिर हल्के अंदाज में पूछा- अपने पास रखतीं हो या नहीं। ये ले तो नहीं लेते हैं। (पीछे खड़ी महिला की तरफ इशारा करते हुए कहा।)
इस पर वहां मौजूद लोग हंसी-ठिठोली करते हुए हंसने-मुस्कुराने लगे। सीएम भजनलाल खुद ठहाके मारकर हंसने लगे। महिला ने बड़ी शालीन स्वभाव से कहा- नहीं नहीं कोई नहीं लेता है। फिर सीएम ने पूछा- बेटी कितनी हैं? वो आती हैं, तो उन्हें कुछ देती हो या नहीं? इस पर महिला ने कहा- चार बेटियां हैं। हां-हां देती हूं।


