करीब 8 महीने बाद वापस सलाखों के पीछे पहुंचा आसाराम, जोधपुर जेल में किया आत्मसमर्पण

करीब 8 महीने बाद वापस सलाखों के पीछे पहुंचा आसाराम, जोधपुर जेल में किया आत्मसमर्पण

संक्षेप:

सुनवाई के दौरान अदालत ने यह भी कहा कि आसाराम ने पिछले 3-4 महीनों में इलाज के लिए कई यात्राएं की हैं और विभिन्न शहरों के विभिन्न अस्पतालों में इलाज करवाया है, लेकिन किसी भी अस्पताल में नियमित रूप से जांच नहीं कराई।

Aug 30, 2025 06:36 pm ISTSourabh Jain पीटीआई, जोधपुर, राजस्थान
share

हाईकोर्ट द्वारा अंतरिम जमानत बढ़ाने से इनकार करने के बाद बलात्कार के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कथित संत आसाराम ने जोधपुर सेंट्रल जेल में शनिवार को आत्मसमर्पण कर दिया। अहमदाबाद के डॉक्टरों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अदालत ने बीते बुधवार को आसाराम की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। जिसके बाद उसे सरेंडर करना पड़ा।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

84 साल के आसाराम को इस साल 7 जनवरी को चिकित्सा कारणों से 12 साल की कैद के दौरान पहली बार जमानत दी गई थी। आसाराम की जमानत अवधि उसकी जमानत अवधि 29 अगस्त को खत्म हो गई थी, जिसके बाद उसने जोधपुर सेंट्रल जेल में आत्मसमर्पण कर दिया।

इससे पहले 27 अगस्त को हुई सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट के जस्टिस दिनेश मेहता और विनीत कुमार माथुर की खंडपीठ ने आसाराम की अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इस दौरान अदालत ने अहमदाबाद के सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों की मेडिकल बोर्ड रिपोर्ट का हवाला दिया था। जिसके कहा गया था कि आसाराम की तबीयत स्थिर हालत में है और उन्हें अस्पताल में भर्ती होने या निरंतर चिकित्सा देखभाल की जरूरत नहीं है।

सुनवाई के दौरान अदालत ने यह भी कहा कि आसाराम ने पिछले 3-4 महीनों में इलाज के लिए कई यात्राएं की हैं और विभिन्न शहरों के विभिन्न अस्पतालों में इलाज करवाया है, लेकिन किसी भी अस्पताल में नियमित रूप से जांच नहीं कराई। जमानत याचिका खारिज करते हुए पीठ ने जेल अधिकारियों को हिरासत के दौरान उसे व्हीलचेयर और एक सहायक की मदद लेने की अनुमति भी दी थी। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर जांच के लिए उसे जोधपुर एम्स ले जाने की अनुमति भी दी।

27 अगस्त को हुई सुनवाई के दौरान अस्थायी जमानत की अवधि आगे बढ़ाने के लिए आसाराम के वकील निशांत बोधा ने दलील दी कि आसाराम को 21 अगस्त को जोधपुर एम्स ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उनके स्वास्थ्य में गिरावट की सूचना दी थी। हालांकि, उच्च न्यायालय ने वकील के इस तर्क को स्वीकार नहीं किया और अहमदाबाद से आई मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर आसाराम की जमानत याचिका खारिज कर दी।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain
सौरभ जैन पत्रकारिता में लगभग 15 वर्ष से जुड़े हुए हैं। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत जुलाई 2009 में ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है। सौरभ को राजनीति, बॉलीवुड और खेल की खबरों में विशेष रुचि है। और पढ़ें
इलेक्शन रिजल्ट 2024 , झारखंड इलेक्शन रिजल्ट और राजस्थान उपचुनाव रिजल्ट से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।