
राजस्थान में कथावाचक प्रेम बाईसा की मौत की जांच के लिए SIT का गठन,9 सदस्यीय टीम लगाएगी सच का पता
प्रेम बाईसा को बुधवार को तबीयत ज्यादा खराब होने पर जोधपुर के एक अस्पताल ले जाया गया था, जहां साध्वी ने दम तोड़ दिया था। इसके बाद उनकी मौत पर सवाल उठने लगे थे।
राजस्थान सरकार ने जोधपुर में कथावाचक प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जोधपुर पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश ने इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सहायक पुलिस आयुक्त छवि शर्मा के नेतृत्व में नौ सदस्यीय SIT का गठन कर दिया है, जो इस मामले की पूरी जांच करेगी। पुलिस के अनुसार नौ सदस्यों वाली एसआईटी ने इस मामले की जांच शुरू भी कर दी है। सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और अब तक सामने आए तथ्यों को आधार बनाकर जांच की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि इस मामले से संबंधित लोगों के जहां बयान लिए जा रहे हैं, वहीं साध्वी को दिए गए इंजेक्शन के बारे में भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इंजेक्शन लगाने वाले कंपाडर देवी सिंह राजपुरोहित से भी पूछताछ की गई है। साथ ही साध्वी के पिता और आश्रम के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जाएगी।
कमिश्नर बोले- पीएम रिपोर्ट और FSL रिपोर्ट का इंतजार
इसके अलावा पुलिस कमिश्नर ने कहा कि 'जहां तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट का सवाल है, वह अभी तक प्राप्त नहीं हुई है, रिपोर्ट के प्राप्त होने के बाद हम उस पर जांच आगे बढ़ाएंगे। जिन परिस्थितियों में उन्हें इंजेक्शन दिया गया और अस्पताल ले जाया गया, इस बारे में उनके परिजनों से पूछताछ की जा रही है, तकनीकी सबूत भी लिए जा रहे हैं और FSL भी जांच कर रही है, सारी कड़ियां जोड़ने के बाद ही मैं किसी निष्कर्ष पर पहुंच पाऊंगा और कुछ कह पाऊंगा।' साथ ही उन्होंने कहा कि FSL से जल्द से जल्द रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। पुलिस सारे एंगल्स से जांच कर रही है और कोई भी चीजें नहीं छोड़ रही है।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई थी मौत
इससे पहले जोधपुर की सहायक पुलिस आयुक्त छवि शर्मा को साध्वी के परिजनों ने बताया था कि तबीयत खराब होने के बाद प्रेम बाईसा को एक कंपाउडर ने इंजेक्शन लगाया था, जिसके बाद उनकी तबीयत और ज्यादा खराब हो गई थी। तब उन्हें एक अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और साध्वी की मौत के कई घंटों बाद उनके सोशल एकाउंट से जो बातें पोस्ट की गई हैं उनकी जांच चल रही हैं। उन्होंने कहा कि जांच की जा रही है कि यह पोस्ट किसने डाली हैं।
बुधवार की शाम को हुई थी प्रेम बाई सा की मौत
बता दें कि कथावाचक प्रेम बाईसा को बुधवार को मौत हो गई थी। परिजनों ने बताया कि प्रेमबाई सा की तबीयत खराब थी, उन्हें सर्दी-खांसी की शिकायत थी, जिसके बाद घर पर ही उन्हें एक इंजेक्शन लगवा दिया गया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। इसके बाद उसकी मौत पर सवाल उठने लगे थे। हालांकि मौत के तीन दिन बाद भी यह नहीं पता चल सका है कि प्रेम बाईसा की मौत कैसे हुई, मौत की वजह क्या थी। यहां तक कि अबतक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट भी नहीं आई है। अब इस मामले की जांच के लिए SIT का गठन कर दिया गया है।





