हैलो भाटी साहब… फ्लाइट से आ जाओ; राजस्थान के नन्हे फ़ैन ने MLA को यूँ दिया निमंत्रण
राजनीति के शोर-शराबे के बीच राजस्थान के एक छोटे से गांव से आई मासूमियत भरी कहानी ने हर किसी का दिल छू लिया है। अजमेर जिले के रूपनगढ़ क्षेत्र के झाग भिलावट गांव में एक नन्हे बच्चे

राजनीति के शोर-शराबे के बीच राजस्थान के एक छोटे से गांव से आई मासूमियत भरी कहानी ने हर किसी का दिल छू लिया है। अजमेर जिले के रूपनगढ़ क्षेत्र के झाग भिलावट गांव में एक नन्हे बच्चे की कल्पनाओं ने सोशल मीडिया पर ऐसा रंग जमाया कि लोग मुस्कुराने को मजबूर हो गए।
शिव विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। युवाओं के बीच पहले से ही चर्चित भाटी अब बच्चों के बीच भी खास जगह बना चुके हैं। इसका ताजा उदाहरण है छोटा बालक सूर्यांश, जिसका वीडियो इन दिनों जमकर वायरल हो रहा है।
टिफिन से बनाया पुल, मार्बल को बना लिया फोन
वीडियो में सूर्यांश अपने घर के आंगन में खेलते नजर आता है। खेल-खेल में उसने मिट्टी में दो टिफिन लगाकर एक छोटा सा ‘पुल’ तैयार किया। लेकिन असली दिलचस्पी तब शुरू होती है, जब वह इस पुल के उद्घाटन की योजना बनाता है।
बच्चा एक मार्बल के टुकड़े को फोन मानकर कॉल करता है और सीधे विधायक भाटी को आमंत्रित कर देता है। उसकी मासूम आवाज में आत्मविश्वास साफ झलकता है
“हैलो… हैलो… भाटी साहब, आप सही टाइम पर आ जाना… पहले जयपुर की फ्लाइट लेना, फिर किशनगढ़ की फ्लाइट लेकर आ जाना… सीधे मेरे घर आ जाना…
फीता काटने आ रहे हैं…
घर में मौजूद एक महिला जब बच्चे से पूछती है कि भाटी साहब ने क्या कहा, तो वह पूरे यकीन के साथ जवाब देता है—
“भाटी जी बोले कि मैं फ्लाइट लेकर आ रहा हूं… बस सीधा घर ही आऊंगा… फीता काटने आ रहे हैं।”
बच्चे की इस मासूम बातचीत में जो सहजता और विश्वास है, वही इस वीडियो को खास बनाता है। यह सिर्फ खेल नहीं, बल्कि उस भरोसे की झलक है जो लोग अपने पसंदीदा नेताओं के प्रति रखते हैं।
वीडियो वायरल, भाटी भी हुए इमोशनल
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, वैसे ही खुद रविंद्र सिंह भाटी भी इसे देखकर भावुक हो गए। उन्होंने बच्चे की कल्पनाशीलता की सराहना करते हुए लिखा—
“कपोल कल्पनाओं में इतनी बड़ी दुनिया बसाना… सच में दिल छू गया। ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद।
मासूमियत ने जोड़ा दिलों का पुल
झाग भिलावट गांव का यह छोटा सा ‘पुल उद्घाटन’ भले ही काल्पनिक था, लेकिन इसने हजारों लोगों के दिलों को जोड़ दिया। जहां एक ओर यह वीडियो लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला रहा है, वहीं दूसरी ओर यह मासूमियत और कल्पना की ताकत का भी एहसास करा रहा है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


