
अजमेर में मामूली बात पर महिला इंटर्न डॉक्टर ने बुज़ुर्ग को 10 मिनट तक पीटा, थप्पड़ जड़ दिए
संक्षेप: अजमेर के जेएलएन (जवाहर लाल नेहरू) हॉस्पिटल में घटी एक घटना ने पूरे चिकित्सा जगत को हिला दिया है। मामूली कंधा टकराने की बात पर महिला इंटर्न डॉक्टर ने एक बुजुर्ग मरीज को अस्पताल परिसर में करीब 10 मिनट तक थप्पड़ों से पीटा।
अजमेर के जेएलएन (जवाहर लाल नेहरू) हॉस्पिटल में घटी एक घटना ने पूरे चिकित्सा जगत को हिला दिया है। मामूली कंधा टकराने की बात पर महिला इंटर्न डॉक्टर ने एक बुजुर्ग मरीज को अस्पताल परिसर में करीब 10 मिनट तक थप्पड़ों से पीटा। बुजुर्ग बार-बार हाथ जोड़कर माफी मांगते रहे, लेकिन गुस्साई डॉक्टर रुकने का नाम नहीं ले रही थी। यह पूरा वाकया अस्पताल के सीसीटीवी में कैद हो गया और शनिवार को वीडियो सामने आते ही मामला तूल पकड़ गया।

घटना शुक्रवार सुबह करीब 11:09 बजे की है। जानकारी के अनुसार, एक बुजुर्ग मरीज ओपीडी पोर्च से बाहर निकल रहे थे। तभी सामने से दो महिला इंटर्न डॉक्टर आ रही थीं। बुजुर्ग का कंधा उनमें से एक डॉक्टर से हल्का सा टकरा गया। इतना होते ही डॉक्टर ने अचानक गुस्से में बुजुर्ग को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया।
पास में मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टर ने गार्ड की परवाह किए बिना बुजुर्ग को लगातार थप्पड़ जड़ दिए। वहां मौजूद लोग भी हैरान थे, पर किसी ने हिम्मत नहीं जुटाई कि डॉक्टर को रोक सके।
घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला डॉक्टर गुस्से में बुजुर्ग को लगातार थप्पड़ मारती जा रही है। बुजुर्ग व्यक्ति हाथ जोड़कर माफी मांगते दिख रहे हैं, पर डॉक्टर रुकने का नाम नहीं ले रही।
वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और जिला प्रशासन हरकत में आया। अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे और उपाधीक्षक डॉ. अमित यादव तुरंत कंट्रोल रूम पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज की जांच करवाई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अनिल सामरिया ने अनुशासनात्मक कमेटी गठित की। साथ ही एक अलग तथ्यात्मक जांच कमेटी भी बनाई गई। लेकिन रिपोर्ट तैयार करने में सबसे बड़ी चूक यह रही कि कमेटी ने उस बुजुर्ग के बयान तक नहीं लिए, जिन्हें पीटा गया था।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि महिला इंटर्न डॉक्टर के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।” हालांकि अब तक न तो डॉक्टर की ओर से कोई शिकायत दी गई है, न ही बुजुर्ग की ओर से।
वीडियो वायरल होने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को भेजी। इसी बीच इंटर्न डॉक्टर एसोसिएशन की ओर से एक नई शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें दावा किया गया कि बुजुर्ग ने महिला डॉक्टर से अभद्रता की थी और डॉक्टर ने केवल आत्मरक्षा में थप्पड़ मारे।
यह बयान सामने आने के बाद जांच का रुख बदल गया। प्रशासन ने अब इस एंगल से भी जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट तलब की है। अजमेर जिला कलेक्टर लोक बंधु ने कहा घटना की जांच कराई जा रही है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”
डॉ. अनिल सामरिया ने बताया कि रिपोर्ट तैयार कर सीएम ऑफिस भेजी जा रही है। फिलहाल महिला इंटर्न डॉक्टर को लेकर कॉलेज प्रशासन दबाव में है, वहीं सोशल मीडिया पर लोग इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




