
अजमेर में पुलिस की गाड़ी के ड्राइवर को बदमाशों ने मारी गोली, सीने में फंसी बुलेट
ब्यावर के बिजयनगर इलाके में मंगलवार तड़के एक बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई, जहां पुलिस की गाड़ी 112 के ड्राइवर को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। हमले में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके सीने में फंस गई है।
ब्यावर के बिजयनगर इलाके में मंगलवार तड़के एक बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई, जहां पुलिस की गाड़ी 112 के ड्राइवर को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। हमले में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके सीने में फंस गई है। घायल ड्राइवर को अजमेर के जेएलएन हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है, जहां डॉक्टर उसकी सर्जरी कर रहे हैं। घटना के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए जा रहे हैं।
घायल ड्राइवर की पहचान बिजयनगर निवासी सीताराम गुर्जर (31) के रूप में हुई है, जो पिछले दो साल से बिजयनगर थाना क्षेत्र में 112 नंबर की पुलिस गाड़ी में संविदा ड्राइवर के रूप में तैनात है। घटना मंगलवार सुबह लगभग 3:45 बजे की बताई जा रही है।
ड्राइवर सीताराम ने बताया कि वह सुबह डीओ गोपीराम को रूम पर छोड़कर वापस थाने जा रहा था। उसी दौरान बरेली रोड पर सड़क किनारे बैठे दो संदिग्ध युवक दिखे। शक होने पर उन्होंने गाड़ी रोककर पूछताछ की और उनसे पहचान व दस्तावेज दिखाने को कहा। आरोपियों के आसपास नशीला पदार्थ पड़ा हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने पूरी जानकारी देने के लिए डीओ को फोन कर सूचना दी।
ड्राइवर के अनुसार जैसे ही उसने फोन खत्म किया और पीछे मुड़ा, तभी एक युवक ने जेब से बंदूक निकालकर सीधे उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसके सीने में लगी और वह वहीं गिर गया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली लगने से तेज खून बहने लगा। मौके की जानकारी मिलते ही बिजयनगर थाने के डीओ गोपीराम वहां पहुंचे, जिन्होंने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया।
सीने में फंसी बुलेट निकालने के लिए डॉक्टरों की टीम सर्जरी कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ड्राइवर की हालत गंभीर बनी हुई है। मसूदा (ब्यावर) सीओ जय सिंह स्वयं जेएलएन हॉस्पिटल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
वारदात की सूचना पर बिजयनगर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और ड्राइवर सीताराम के बयान पर अज्ञात दो बदमाशों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। थाना प्रभारी करण सिंह के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए हैं। एफएसएल टीम ने मौके से खून के नमूने, कारतूस और अन्य साक्ष्य जुटाए।
सीओ जय सिंह ने बताया 112 नंबर की गाड़ी के संविदा ड्राइवर पर दो बदमाशों ने फायरिंग की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में टीमों को लगा चुकी है। इलाके में सर्चिंग और नाकाबंदी करवाई गई है।”
घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि जिस समय हमला हुआ, उस समय पुलिस वाहन में केवल ड्राइवर था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर संदिग्ध नशीला पदार्थ लेकर वहां क्यों बैठे थे और क्या यह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और इंटेलिजेंस इनपुट की मदद ली जा रही है। आसपास के दर्जनों स्थानों पर जांच जारी है।
फिलहाल दोनों हमलावर फरार हैं और पुलिस उन्हें जल्द पकड़ लेने का दावा कर रही है।

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




