भोपाल से दिल्ली आ रहे विमान में अचानक आई खराबी, जयपुर में कराई इमरजेंसी लैडिंग
भोपाल से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI1886 को शनिवार, 13 सितंबर को तकनीकी समस्या के चलते जयपुर डायवर्ट कर दिया गया।

भोपाल से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI1886 को शनिवार, 13 सितंबर को तकनीकी समस्या के चलते जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। ऐसा करने से विमान में हड़कंप मच गया। एयर इंडिया के मुताबिक, तय सुरक्षा मानकों के तहत विमान का रूट बदला गया है। विमान ने जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
एयर इंडिया ने बताया कि जयपुर पहुंचने के बाद विमान की जांच की जा रही है। यह जांच एयर इंडिया के सुरक्षा मानकों के तहत की जा रही है। एयरलाइन के मुताबिक, यात्रियों को उनके गंतव्य दिल्ली तक जल्द से जल्द पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
जयपुर में यात्रियों की मदद के लिए ग्राउंड टीम तैनात
एयर इंडिया ने कहा कि जयपुर एयरपोर्ट पर उसकी ग्राउंड टीम यात्रियों को तत्काल सहायता और जरूरी सहयोग मुहैया करा रही है। एयरलाइन ने इस अप्रत्याशित स्थिति के कारण यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है। एयर इंडिया के अनुसार, विमान को तकनीकी समस्या के कारण डायवर्ट किया गया था और सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत विमान की आवश्यक जांच की जा रही है।
अमृतसर से 7 उड़ाने दिल्ली डायवर्ट की गईं
इधर पंजाब के अमृतसर से एक अन्य खबर सामने आई है, जिसमें कुछ विमानों को दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा है। अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के परिचालन क्षेत्र में रविवार रात कई संदिग्ध ड्रोन जैसी वस्तुएं मंडराती दिखाई दीं। इसके बाद सुरक्षा कारणों से सात उड़ानों को दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। इनमें दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल थीं।
अधिकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 बजे रनवे के पास ड्रोन जैसी वस्तुओं की गतिविधि का पता चला। इसके तुरंत बाद पंजाब पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया। संदिग्ध गतिविधि के कारण करीब डेढ़ घंटे तक एयरपोर्ट पर सभी उड़ान संचालन रोक दिए गए।


