कौन हैं AAP के भगोड़ा विधायक, SC में सुनवाई के चक्कर में फंसे; गिरफ्तारी की पूरी कहानी
एसएसपी वरुण शर्मा के अनुसार पटियाला पुलिस की विशेष टीम ने पीछा करते हुए ग्वालियर के शिवपुरी से उन्हें काबू किया। अब उन्हें पटियाला लाया जा रहा है, जहां उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की पूछताछ की जाएगी।

AAP MLA Harmeet Pathanmajra: रेप केस में अदालत से भगोड़े घोषित पटियाला के सनौर से आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार देर रात उन्हें मध्य प्रदेश के ग्वालियर के शिवपुरी एरिया से इनके 3 साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया। पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। पठानमाजरा के वकीलों ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका लगाई थी। इसकी सुनवाई आज यानी 25 मार्च को होनी थी। इसी के लिए वह स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर दिल्ली आ रहे थे। पठानमाजरा के लिए पहले ही लुक आउट नोटिस जारी था। जैसे ही उन्हें देखा गया तो शिवपुरी इलाके से पकड़ लिया।
पठानमाजरा रेप केस दर्ज होने के बाद कहां छिपे रहे, ये अब तक एक पहेली है। ऐसी सूचनाएं आती रही कि वह ऑस्ट्रेलिया भाग गए थे। वह बार-बार लाइव होकर सरकार के खिलाफ बोलते रहे। फरारी के दौरान पठानमाजरा ने इंटरनेट मीडिया पर लगातार वीडियो पोस्ट किए ताकि ऐसा लगे कि वे विदेश में हैं। हालांकि, पुलिस की तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं ने उनकी लोकेशन मध्यप्रदेश में ट्रेस कर ली।
एसएसपी वरुण शर्मा के अनुसार पटियाला पुलिस की विशेष टीम ने पीछा करते हुए ग्वालियर के शिवपुरी से उन्हें काबू किया। अब उन्हें पटियाला लाया जा रहा है, जहां उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की पूछताछ की जाएगी। एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि हमारी 5 से 6 टीमें इन्हें काबू करने में जुटी थीं। दो दिन के लंबे ऑपरेशन के बाद कामयाबी मिली है।
तलाकशुदा बताकर महिला से संबंध बनाए
1 सितंबर, 2025 को पठानमाजरा के खिलाफ बलात्कार, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के आरोप में केस दर्ज हुआ था। जीरकपुर की एक महिला ने शिकायत में कहा कि विधायक ने खुद को तलाकशुदा बताकर उससे संबंध बनाए और 2021 में शादी की, जबकि वे पहले से शादीशुदा थे। महिला ने आरोप लगाया कि विधायक ने उसका यौन शोषण किया, धमकियां दीं और अश्लील सामग्री भेजी थी। पठानमाजरा दो सितंबर से फरार थे।
पुलिस टीम पर फायरिंग कर हिरासत से भागे थे
पंजाब पुलिस ने विधायक हरमीत को हरियाणा के कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया था। स्थानीय थाने ले जाते समय विधायक पठानमाजरा और उनके साथियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी। पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश कर विधायक स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर में भागे तो पुलिस ने फॉर्च्यूनर को पकड़ लिया, लेकिन पठानमाजरा स्कॉर्पियो में फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेखक के बारे में
Himanshu Jhaबिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


