खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के दो वॉन्टेड आतंकी मलेशिया से डिपोर्ट, रेलवे ट्रैक पर किया था धमाका

लाइव हिन्दुस्तान, चंडीगढ़
Follow us on Google News
share

प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स से जुड़े दो वॉन्टेड आतंकियों को पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से मलेशिया से डिपोर्ट कर लिया है। दोनों को नई दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया और आगे की जांच के लिए पंजाब ले आई।

Khalistan operatives deported

प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स से जुड़े दो वॉन्टेड आतंकियों को पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से मलेशिया से डिपोर्ट कर लिया है। दोनों को नई दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया और आगे की जांच के लिए पंजाब ले आई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंबाला के गुरविंदर सिंह और पटियाला के मंजीत सिंह के तौर पर हुई है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर यह जानकारी दी। डीजीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को पटियाला की अदालत में पेश किया गया। आगे की पूछताछ के लिए उन्हें पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। इस बड़े नेटवर्क का पता लगाने और साजिश में शामिल सभी लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।

फंड पहुंचाने में निभा रहे थे अहम भूमिका
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गुरविंदर और मंजीत खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स समर्थित टेरर मॉड्यूल के मलेशिया स्थित मुख्य सदस्य थे। यह टेरर मॉड्यूल पंजाब में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर लाइन समेत रेलवे के अहम इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने की साजिश में शामिल था। इसने 23 जनवरी को फतेहगढ़ साहिब के सिरहिंद के पास रेलवे फ्रेट कॉरिडोर लाइन पर आईईडी ब्लास्ट और 27 अप्रैल को पटियाला जिले के शंभू के पास उसी कॉरिडोर पर धमाके की कोशिश की थी, जिसमें बम लगाने वाले की ही मौत हो गई थी। जांच के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए थे। इस अंतरराष्ट्रीय साजिश की आगे की जांच में मलेशिया से काम कर रहे केजेडएफ हैंडलर्स और फंडिंग ऑपरेटर की भूमिका का पता चला। डिपोर्ट किए गए आरोपी पंजाब में केजेडएफ ऑपरेटिव्स तक ऑफशोर खातों के जरिए फंड पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे थे। ये पूरा नेटवर्क पंजाब में बड़े आतंकी हमले करने और वहां की शांति व्यवस्था को बिगाड़ने के प्लान पर काम कर रहा था।

पहचान के लिए जांच जारी
गुरविंदर और मनजीत विदेशों में मौजूद अलग-अलग बैंक खातों का इस्तेमाल करके पंजाब में छिपे खालिस्तानी आतंकियों तक रुपए पहुंचाते थे। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने और इसमें शामिल बाकी लोगों की पहचान करने में जुटी हैं। डीजीपी ने कहाकि पंजाब पुलिस आतंकी तंत्र को खत्म करने, टेरर फंडिंग नेटवर्क को तोड़ने और पंजाब की शांति, सुरक्षा व आपसी भाईचारे को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
(रिपोर्ट: मोनी देवी)

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsपंजाब न्यूज़खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के दो वॉन्टेड आतंकी मलेशिया से डिपोर्ट, किया था धमाका