
अमृतसर से दो आईएसआई समर्थित आतंकी गिरफ्तार, आरपीजी भी हुई बरामद; कहां होना था इस्तेमाल
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित दो आतंकियों को पंजाब पुलिस ने अमृतसर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड भी बरामद किया है। इस आरपीजी का इस्तेमाल एक आतंकी हमले में किया जाना था।
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित दो आतंकियों को पंजाब पुलिस ने अमृतसर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड भी बरामद किया है। इस आरपीजी का इस्तेमाल एक आतंकी हमले में किया जाना था। आरोपियों की पहचान महकदीप सिंह उर्फ महक और आदित्य उर्फ आधी के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस स्टेशन घरिंडा, अमृतसर में एफआईआर दर्ज की गई है। पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए जांच जारी है।

फिरोजपुर जेल में बंद आरोपी से जुड़े तार
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि ये दोनों आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के एक ऑपरेटिव के संपर्क में थे, जिसने इन्हें यह खतरनाक हथियार मुहैया कराया था। इनका संपर्क फिरोजपुर जेल में बंद हरप्रीत सिंह उर्फ विक्की से भी था। विक्की जेल के अंदर से ही पाकिस्तान के आईएसआई नेटवर्क से जुड़कर राज्य में आतंक फैलाने की साजिश रच रहा था। इस आरपीजी का इस्तेमाल एक निर्धारित आतंकी हमले में किया जाना था। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस प्रदेश में किसी भी आतंकी गतिविधि को सफल नहीं होने देगी। अमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
कई बार नाकाम हो चुकी आतंकी वारदात
पाकिस्तान बॉर्डर से सटे होने के कारण पंजाब में आतंकवादी संगठनों की लगातार कोशिश रहती है। दीवाली से पहले हाल के दिनों में बड़े पैमाने पर हथियारों की बरामदगी हुई है। 6 अक्टूबर को अमृतसर जिले के अजनाला के गांव तेड़ी में पुलिस ने तीन ग्रेनेड, आरडीएक्स, डिटोनटर, बैटरी, वायर और हेडफोन मिले थे।
3 अक्टूबर को पंजाब पुलिस की इंटेलिजेंस विंग ने आतंकियों की बड़ी साजिश नाकाम की थी। पंजाब पुलिस ने दशहरे की रात चार हैंड ग्रेनेड के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें सेना से बर्खास्त एक पूर्व कमांडो भी शामिल था। शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में होने की बात कुबूल की थी।
(रिपोर्ट: मोनी देवी)

लेखक के बारे में
Deepakलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




