मूसेवाला के गांव में मनेगी काली दिवाली, इस वजह से गांववालों में है भारी नाराजगी

लाइव हिंदुस्तान, चंडीगढ़।
Follow us on Google News
share

गांव के सरपंच ने कहा कि मूसेवाला की हत्या के बाद से गांव गम में डूबा है। उसकी समाधि पर सैकड़ों लोग रोजाना पहुंचते हैं। गुरुद्वारा साहिब से घोषणा की गई है कि इस बार गांव में दिवाली काली रहेगी।

मूसेवाला के गांव में मनेगी काली दिवाली, इस वजह से गांववालों में है भारी नाराजगी

दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में इंसाफ नहीं मिलने से नाराज गांव मूसा के लोग इस बार काली दिवाली मनाएंगे। पूर्व सरपंच बलविंद्र सिंह सिद्धू और मूसेवाला के ताऊ चमकौर सिंह सिद्धू ने बताया कि गांव मूसा में इस बार दिवाली नहीं मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि सिद्धू पंजाबियों और गांव का मान था। उसकी हत्या के बाद से गांव गम में डूबा है। उसकी समाधि पर सैकड़ों लोग रोजाना पहुंचते हैं। गांव की तरफ से गुरुद्वारा साहिब से घोषणा की गई है कि इस बार गांव में दिवाली काली रहेगी। 

मूसेवाला के माता-पिता बोले, हमें इंसाफ की उम्मीद नहीं
अपने बेटे को इंसाफ न मिल पाने के कारण मूसेवाला के माता-पिता में भी रोष है। सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू और मां चरण कौर ने कहा था कि हमें किसी सरकार और पुलिस से इंसाफ मिलने की उम्मीद नहीं रही है। सरकार कार्रवाई के बजाय सिर्फ दिखावा कर रही हैं। पंजाब पुलिस गैंगस्टरों के फर्जी रिमांड लेकर दिखावा करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि मानसा पुलिस की कस्टडी से गैंगस्टर का फरार होना और पुलिस अधिकारियों की ओर से गैंगस्टरों से जफ्फी डालकर फोटो खिंचवाना साबित करता है कि पुलिस की सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में गंभीर नहीं है। 

'सुरक्षा कम करने की सूचना लीक करने वाले अधिकारी पर क्यों नहीं हुई कार्रवाई?'
मां चरण कौर ने कहा कि जिस अधिकारी बलतेज पन्नू ने सिद्धू की सुरक्षा के मामले को लीक किया, उस पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। बलतेज पन्नू पर भी मुकदमा दर्ज होना चाहिए था। आम आदमी की बात करने वाली सरकार के राज में ही आम आदमी की सुरक्षा गायब है। आम आदमी पार्टी के 92 विधायकों में से किसी ने मूसेवाला कत्ल कांड में मुंह नहीं खोला हैं, क्योंकि उन्हें अपनी कुर्सियां प्यारी हैं। 

गोल्डी बराड़ और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने करवाई थी हत्या
मूसेवाला हत्याकांड की साजिश गोल्डी बराड़ ने कनाडा में ही रची थी। कनाडा में बैठे-बैठे ही भारत में शार्प शूटर हायर किए और वारदात को अंजाम दिया। वह गैंगस्टर लॉरेंस के गैंग का एक्टिव मेंबर है। उसने जेल में बंद लॉरेंस के कहने पर सिद्धू मूसेवाला की हत्या कराई थी। 29 मई को गांव जवाहरके में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के इशारे पर शार्प शूटरों ने गोलियां बरसाकर सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी थी।

Vishva Gaurav

लेखक के बारे में

Vishva Gaurav

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।