
बाहर के लोग यहां न आएं, सिद्धू मूसेवाला के पिता ने क्यों की अपील? कल है सिंगर की दूसरी बरसी
इससे पहले सिद्धू मूसेवाला की पहली बरसी पर मनसा की अनाज मंडी में एक विशाल सभा हुई थी। मूसेवाला की 29 मई, 2022 को मनसा के जवाहरके गांव में छह हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की दूसरी पुण्य तिथि के मौके पर उनके गांव में फैंस का आना शुरू हो गया है। हालांकि इस बार 29 मई को उनकी दूसरी बरसी एक साधारण समारोह के साथ होगी। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के कारण उनके बेटे की दूसरी बरसी एक पारिवारिक समारोह होगी। उनके परिवार ने कहा, ''जब तक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के हत्यारों और साजिशकर्ताओं को सजा नहीं मिल जाती, न्याय के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी। उनकी हत्या एक बड़ी साजिश का हिस्सा है।” कल कई गैर सरकारी संगठन मूसा गांव में उनके स्मारक पर रक्तदान शिविर आयोजित करेंगे।
इससे पहले सिद्धू मूसेवाला की पहली बरसी पर मनसा की अनाज मंडी में एक विशाल सभा हुई थी। मूसेवाला की 29 मई, 2022 को मनसा के जवाहरके गांव में छह हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस साल मूसेवाला की दूसरी बरसी है। हालांकि उनके पिता ने लोगों से अपील की है कि वे गांव नहीं आएं।
सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा, ''कल बहुत सादा कार्यक्रम होगा क्योंकि चुनाव हैं और तापमान बहुत ज्यादा है। हमने बाहर के लोगों से कहा है कि वे यहां न आएं, केवल गांव और परिवार के लोग आ रहे हैं। जनता से कहा गया है कि वे न आएं...केवल धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे।" गायक की बरसी की पूर्व संध्या पर मनसा के मूसा में सिद्धू मूसेवाला की मूर्तियां, प्रतिमाएं, तस्वीरें और उनका चेहरा छपी टी-शर्ट और कॉफी मग रखे गए हैं।

सिद्धू मूसेवाला के नाम से जाने जाने वाले गायक शुभदीप सिंह सिद्धू की 29 मई, 2022 को पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज मामले का मुख्य आरोपी गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पुलिस की पहुंच से दूर है और उसके खिलाफ आरोप तय नहीं किए गए हैं। मूसेवाला की उस समय हत्या कर दी गई थी जब वह अपने दोस्त और चचेरे भाई के साथ जीप से मानसा के जवाहर के गांव जा रहे थे। उनके वाहन को रास्ते में रोककर गोलीबारी की गई थी।

लेखक के बारे में
Amit Kumarलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




