पंजाब के 5 गांवों में पिटबुल डॉग ने 12 लोगों को काटा, रिटायर्ड आर्मी मैन ने उसे मार डाला
कुत्ते ने टंगो शाह गांव में सबसे पहले 2 मजदूरों को काटा। दोनों किसी तरह इस हमले से खुद को बचाने में कामयाब रहे। डॉग वहां से भाग गया और गांव के अंदर चला गया। यहां उसने दिलीप पर हमला कर दिया।
इस खबर को सुनें
पंजाब में गुरदासपुर के 5 गांवों में पिटबुल डॉग ने 12 लोगों पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। कुत्ते ने टंगो शाह से चौहान गांव के बीच 15 किलोमीटर की दूरी तय की और इस बीच लोगों को अपना निशाना बनाता गया। आखिरकार एक रिटायर्ड आर्मी मैन ने सेल्फ-डिफेंस में डॉग की हत्या कर दी।
कुत्ते ने टंगो शाह गांव में सबसे पहले 2 मजदूरों को काटा। दोनों किसी तरह इस हमले से खुद को बचाने में कामयाब रहे। हालांकि, डॉग वहां से भाग गया और गांव के अंदर चला गया। यहां उसने घर के बाहर बैठे 60 वर्षीय दिलीप कुमार पर हमला कर दिया। कुमार ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन उसने उनका गला पकड़ लिया था और कुछ दूर तक घसीटता हुआ लेकर गया। कुमार के भाई बीच-बचाव में आए।
कुत्ते ने रास्ते में कई जानवरों को भी काटा
इसके बाद पिटबुल ने बलदेव राज नाम के व्यक्ति का पैर काट लिया। यहां से वह घटोरा रोड की तरफ भागा और कई जानवरों पर भी हमला किया। कुत्ते ने भट्ठे के नेपाली वॉचमैन रामनाथ पर अटैक कर दिया। यहां दो स्ट्रीट डॉग्स ने उन्हें बचाया। कुत्ता यहां से छानी गांव गया और मंगल सिंह नाम के शख्स को काट लिया। सुबह करीब 5 बजे वह दूसरे गांव पहुंचा, जहां सड़क पर टहल रहे लोगों पर उसने हमला किया।
रिटायर्ड आर्मी मैन ने पकड़ लिए कुत्ते के दोनों कान
पिटबुल यहां से चौहान गांव की ओर भागा और उसने रिटायर्ड आर्मी मैन कैप्टन शक्ति सिंह पर हमला कर दिया। सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उन्होंने कुत्ते के दोनों कान पकड़ लिए और उसके मुंह में रॉड डाल दी। गांव के कुछ और लोग सिंह के बचाव के लिए आगे आए। उन लोगों ने कुत्ते को मार डाला। पिटबुल के हमले में घायल लोगों को सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।