पंजाब चुनाव में जारी है वीडियो वार, अब चन्नी की थॉर के रूप में एंट्री
पंजाब विधानसभा चुनाव की जंग बेहद दिलचस्प हो गई है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और बीजेपी सहित अन्य दल एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए हैं। इसी बीच कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जैसी पार्टियां सोशल मीडिया के जरिए...

इस खबर को सुनें
पंजाब विधानसभा चुनाव की जंग बेहद दिलचस्प हो गई है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और बीजेपी सहित अन्य दल एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए हैं। इसी बीच कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जैसी पार्टियां सोशल मीडिया के जरिए वीडियो वार का सहारा ले रही हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस ने एक नया वीडियो जारी करते हुए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की एंट्री थॉर के रूप में कराई है। इस वीडियो में चरणजीत सिंह चन्नी, नवजोत सिंह सिद्धू सहित अन्य नेता दिख रहे हैं।
दरअसल, यह वीडियो पंजाब कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से पोस्ट किया गया है। इसमें लिखा गया है कि हम वह सब करेंगे जो अपने पंजाब और यहां के लोगों को बुरी ताकतों के चंगुल से छुड़ाने के लिए करना होगा। इसके बाद वीडियो को पोस्ट किया गया है। वीडियो में फेस एडिट का प्रयोग किया गया है और थॉर के चेहरे पर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का चेहरा लगाया गया है। कांग्रेस नेता सुनील जाखड़, राहुल गांधी और नवजोत सिंह सिद्धू को उनके सहयोगी के तौर पर दिखाया गया है।
वीडियो में दिख रहा है कि थॉर के रूप में जैसे ही चन्नी की एंट्री होता है वैसे ही वह किरदार अपने दुश्मनों से कहता है कि अब नहीं बचोगे तुम लोग, कहां गए केजरीवाल और मोदी। इसके बाद हथियारों के जरिए विपक्षी दलों के नेताओं पीएम मोदी, अरविंद केजरीवाल, अकाली दल के सुखबीर सिंह बादल और कैप्टन अमरिंदर सिंह को उड़ाते हुए नजर आ रहे हैं।
We will do whatever it takes to redeem our beloved state from the clutches of evil forces working against the interest of Punjab and its people. #CongressHiAyegi pic.twitter.com/6lVxqkN4VC
— Punjab Congress (@INCPunjab) January 24, 2022
जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ लोग प्रतिक्रिया देने लगे। पंजाब के इस चुनाव में यह पहला मौका नहीं जब वीडियो के जरिए विरोधी पार्टी ओर निशाना साधा गया हो। इससे पहले आप ने अपने सीएम कैंडिडेट भगवंत मान की एंट्री शाहरुख खान के रूप में कराई थी। इस वीडियो में बॉलीवुड फिल्म 'हे बेबी' के गाने दिल दा मामला को फेस एडिट करके दिखाया गया। इसमें भगवंत मान के अलावा राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, नवजोत सिंह सिद्धू और चन्नी को भी दिखाया गया था।