फोटो गैलरी

Hindi News पंजाब'भारत जोड़ो' के निकलते ही पंजाब में कांग्रेस को झटका, मनप्रीत बादल ने छोड़ी पार्टी

'भारत जोड़ो' के निकलते ही पंजाब में कांग्रेस को झटका, मनप्रीत बादल ने छोड़ी पार्टी

राहुल गांधी की अगुवाई में जारी यात्रा से बादल की गैरमौजूदगी ने भी सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज कर दी थी। प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और बादल के बीच खींचतान की खबरें आती रही हैं।

'भारत जोड़ो' के निकलते ही पंजाब में कांग्रेस को झटका, मनप्रीत बादल ने छोड़ी पार्टी
Nisarg Dixitलाइव हिन्दुस्तान,चंडीगढ़Wed, 18 Jan 2023 02:07 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। खबर है कि पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने इस्तीफा दे दिया है। एक दिन पहले ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में 'भारत जोड़ो' यात्रा पंजाब से गुजरी है। खास बात है कि यात्रा से बादल की गैरमौजूदगी ने भी सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज कर दी थी। प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और बादल के बीच खींचतान की खबरें आती रही हैं।

बादल ने अपने इस्तीफे में शीर्ष नेताओं पर गुटबाजी के आरोप लगाए हैं। राहुल गांधी को लिखे पत्र में उन्होंने बताया है कि दिल्ली के लोग पंजाब को चला रहे हैं और गुटबाजी केवल बढ़ी है। वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाए हैं कि पंजाब कांग्रेस में उन्हें अपमानित किया गया है। पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के भतीजे मनप्रीत पांच बार के विधायक हैं और दो बार पंजाब के वित्त मंत्री रह चुके हैं।

उन्होंने पत्र में आरोप लगाए हैं कि जिस तरह से पंजाब के मामले में कांग्रेस ने फैसले लिए हैं, वे निराशाजनक हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठे कुछ लोगों के समूह ने राज्य में गुटबाजी को बढ़ाने का काम किया है। शिरोमणि अकाली दल से निष्कासित होने के बाद उन्होंने पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब गठित कर ली थी, जिसका बाद में कांग्रेस के साथ विलय हो गया।

ये दिग्गज भी हुए भाजपा में शामिल
खबरें हैं कि बादल बुधवार दोपहर भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। इससे पहले कांग्रेस के पंजाब प्रमुख रह चुके सुनील जाखड़ ने भी भाजपा का दामन थाम लिया था। बीते विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को आम आदमी पार्टी के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था। कहा जा रहा था कि नवजोत सिंह सिद्धू और पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच तनातनी हार की बड़ी वजह बनी थी। बाद में कैप्टन ने भी कांग्रेस छोड़कर 'पंजाब लोक कांग्रेस' गठित की और भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें